जब दिग्गज सुनील गावस्कर से हुई पाक कप्तान बाबर आजम की मुलाकात
टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान टीम उस समय गदगद हुई जब उनकी मुलाकात दिग्गज सुनील गावस्कर से हुई। ये मुलाकात योजनाबद्ध नहीं थी। दरअसल, पाकिस्तानी खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप के लिए लंदन से यूएस की उड़ान भरने के लिए जब एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां गावस्कर मौजूद थे।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस खास पल का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है। बता दें, पाकिस्तान आईसीसी के इस मेगा इवेंट में अपने अभियान का आगाज 6 जून को अमेरिका के खिलाफ करेगा, 9 जून का उनका मुकाबला भारत से होगा।
क्वीन्स टर्मिनल के एक लाउंज में जब गावस्कर पाकिस्तान टीम से टकराए तो उन्हें पड़ोसी मुल्क के कप्तान बाबर आजम के साथ गर्मजोशी से बातचीत करते देखा गया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को लंदन से रवाना होकर डलास पहुंची पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में देखने को मिल रहा है कि बाबर आजम सुनील गावस्कर से मिलकर बहुत खुश हुए, जो अक्सर पाकिस्तान के बल्लेबाजी स्टार की तारीफ करते रहते हैं।
पाकिस्तान डलास पहुंच गई है, जो अमेरिका और कनाडा के बीच टी20 विश्व कप के उद्घाटन मैच का स्थल है। डलास का ग्रैंड प्रैरी स्टेडियम में ही पाकिस्तान और अमेरिका के बीच 6 जून को मैच खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान टीम इंग्लैंड दौरे पर थी। टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए टीम इंग्लैंड दौरे पर 4 मैच की टी20 सीरीज खेलने गई थी।
इस दौरे पर उन्हें 0-2 से हार मिली। सीरीज का पहला और तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ा, वहीं दूसरे और चौथे मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने उन्हें धूल चटाई। टी20 वर्ल्ड कप से पहले इस सीरीज का असर पाकिस्तान के मनोबल पर जरूर पड़ा होगा।