एफआईएच प्रो लीग : ग्रेट ब्रिटेन ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हराया
प्रदर्शन में निरंतरता की कमी की वजह से भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण के दूसरे मैच में मेजबान ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ 1-3 से हार मिली। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-0 से हराया था, रविवार को मेहमान टीम मैच में अधिकतर समय पिछड़ती रही।

ग्रेट ब्रिटेन के लिए बंडुराक निकोलस ने दो (दूसरे और 11वें मिनट में) मैदानी गोल दागे। मेजबान टीम के लिए कैलनन विल (47वें मिनट) ने एक गोल किया। भारत के लिए एकमात्र गोल अभिषेक ने 35वें मिनट में मैदानी गोल के रूप में किया।
भारत को आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले, टीम इनमें से किसी को गोल में तब्दील नहीं कर सकी। ग्रेट ब्रिटेन को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले और मेजबान टीम इनमें से किसी पर गोल नहीं कर सकी। भारत तालिका में ग्रेट ब्रिटेन से एक स्थान आगे तीसरे स्थान पर है। भारत अपने अगले मैच में आठ जून को जर्मनी से भिड़ेगा।