टी-20 विश्व कप : वेस्टइंडीज ने 5 विकेट की जीत के साथ शुरू किया अभियान
वेस्टइंडीज को टी20 विश्व कप मुकाबले में पापुआ न्यू गिनी को पांच विकेट से हराने में काफी मेहनत करनी पड़ी। पीएनजी ने मजबूत खिलाड़ियों से भरी वेस्टइंडीज को दबाव में डालकर अच्छा प्रदर्शन किया। रोस्टन चेज (नाबाद 42 रन) और आंद्रे रसेल (नाबाद 15 रन) ने मिलकर छठे विकेट के लिए 18 गेंद में 40 रन की साझेदारी से वेस्टइंडीज को जीत दिलाई।

वेस्टइंडीज 97 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी, चेज और रसेल के मिलकर लगाये तीन छक्कों और चार चौकों से टीम 19 ओवर में पांच विकेट पर 137 रन बनाकर जीत से अभियान शुरू करने में सफल रही। पीएनजी कप्तान असद वाला ने दो विकेट झटके।
पहले बल्लेबाजी करने आई पीएनजी ने मध्यक्रम बल्लेबाज सेसे बाऊ (50 रन) के अर्धशतक से आठ विकेट पर 136 रन बनाये। वेस्टइंडीज के लिए अच्छी शुरूआत करने वाले ब्रैंडन किंग (34 रन) ने पहले ओवर में स्ट्रेट और स्क्वायर लेग पर दो चौके मारे।

जॉनसन चार्ल्स खाता खोले बिना दूसरे ओवर में अलेई नाओ की गेंद पर पगबाधा हुए। इसी ओवर के बीच में बारिश आ गयी और 20 मिनट की बाधा के बाद यह ओवर पूरा हुआ। किंग ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर काबुआ मोरिया पर कवर और मिड ऑफ के बीच में चौके के लिए भेजने के बाद प्वाइंट पर एक और चौका मारा।
किंग ने चौथे ओवर के अंत में नाओ पर लगातार चौके जमाये। निकोलस पूरन (27 रन) ने छठे ओवर में सेसे बाऊ की पहली गेंद पर पवेलियन की ओर छक्का, दूसरी गेंद पर गेंदबाज के सिर के ऊपर से चौका और अगली गेंद पर लांग ऑन पर छक्का जड़कर इस ओवर से 18 रन जोड़े।
पीएनजी के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज पर दबाव बनाना शुरू किया और अगले दो ओवर तक कोई बाउंड्री नहीं लगने दी। इस दबाव का उन्हें फायदा मिला। नौवें ओवर में जॉन करिको की गेंद पर पूरन लांग ऑन में कैच देकर आउट हो गये। 10वां ओवर मेडन रहा जिसमें किंग (29 गेंद) असद वाला का शिकार बन गये।
वेस्टइंडीज का स्कोर 10 ओवर में तीन विकेट पर 63 रन था। रोवमैन पॉवेल (15 रन) और शेरफाने रदरफोर्ड के आउट होने से स्कोर पांच विकेट पर 97 रन हो गया था। चेज (27 गेंद, चार चौके, दो छक्के) और रसेल (नौ गेंद, एक छक्का) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
पीएनजी के लिए बाऊ (43 गेंद, छह चौके, एक छक्का) ने अर्धशतकीय पारी खेली। पीएनजी चार विकेट पर 50 रन बनाकर लड़खड़ा रही थी। बाऊ ने चार्ल्स अमिनी (12) के साथ 44 रन की साझेदारी कर टीम को जल्दी सिमटने से बचाया।
वेस्टइंडीज को पिच से टर्न की उम्मीद थी जिससे उसने टॉस जीतकर विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और तीन स्पिनरों को उतारा। अकील हुसैन के पहले ओवर में ही स्पिन मुफीद हालात साफ दिखे।
पहला विकेट तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड को मिला जिन्होंने टोनी उरा को विकेट के पीछे कैच कराया। हुसैन ने आर्म बॉल से तीसरे नंबर के खिलाड़ी लेगा सियाका को आउट किया। अल्जारी जोसेफ ने पीएनजी कप्तान असद वाला (22 गेंद, 21 रन) को आउट किया। वाला ने कवर क्षेत्र में दो बेहतरीन शॉट मारे, वह बैकवर्ड प्वाइंट पर रोस्टन चेस को शानदार कैच देकर आउट हो गये।
वाला का स्पिनर रोस्टन चेस की गेंद एक्स्ट्रा कवर पर लगाया गया छक्का पीएनजी की पारी के शानदार शॉट में शामिल रहा। बाऊ ने पीएनजी की पारी को मजबूती देने के लिए बीच बीच में बाउंड्री लगाना जारी रखा।
इस बल्लेबाज ने स्पिनर गुडाकेश मोती पर एक छक्का और दो चौके लगाकर पारी को तेजी दी। बाऊ के आउट होने के बाद एसोसिएट देश की टीम ने 140 रन के करीब पहुंचकर अच्छा प्रदर्शन किया।