Trending

टी-20 विश्व कप : सुपर ओवर में नामीबिया की जीत, ओमान को हराया

रूबेन ट्रम्पेलमैन की शानदार गेंदबाजी और डेविड वीज के ऑलराउंड प्रदर्शन से नामीबिया ने ओमान को सुपर ओवर में हराकर टी20 विश्व कप में अपने अभियान की जीत से शुरुआत की।

ओमान पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 109 रन पर आउट हो गई। जवाब में नामीबिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 109 रन ही बना पाई। नामीबिया ने वीज और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की आक्रामक बल्लेबाजी से सुपर ओवर में 21 रन बनाए। वीज ने गेंद संभाली और ओमान को केवल 10 रन ही बनाने दिए।

@ICC/Getty Images

इससे पहले ट्रम्पेलमैन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली दो गेंदों पर विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने 21 रन देकर चार विकेट लिए जो नामीबिया से टी20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्हें वीज का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रम्पेलमैन ने मैच की पहली दो गेंदों पर सलामी बल्लेबाज कश्यप प्रजापति और ओमान के कप्तान आकिब इलियास को आउट किया। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में एक और विकेट लिया।

@Getty Images

ओमान के केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे, जिनमे खालिद कैल ने 39 गेंदों में सर्वाधिक 34 रन बनाए। उनके अलावा जीशान मकसूद ने 22 और अयान खान ने 15 रन का योगदान दिया।

नामीबिया के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उसकी तरफ से जान फ्राइलिंक ने 48 गेंदों में 45 रन बनाए। उनके अलावा निकोलस डाविन (24) और इरास्मस (13) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। ओमान से मेहरान खान ने सात रन देकर तीन विकेट लिए और मैच को सुपर ओवर तक खींच दिया।

@Getty Images

नामीबिया के कप्तान इरास्मस सुपर ओवर में गेंद ट्रम्पेलमैन को सौंप सकते थे, उन्होंने वीज के अनुभव पर भरोसा दिखाया और दक्षिण अफ्रीका में जन्मे इस ऑलराउंडर ने टीम को निराश नहीं किया।

मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए वीज ने मैच के बाद कहा,‘‘आज मेरी उम्र कुछ साल बढ़ गई। सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने के कारण मुझे मदद मिली। मुझे खेल का अंदाजा था और मैं जानता था कि सुपर ओवर में मैं कुछ अच्छे शॉट लगा सकता हूं। गेंदबाजी करते हुए मुझे भरोसा था कि मैं लक्ष्य का बचाव कर सकता हूं।