भारत के मुख्य कोच के तौर पर टी-20 विश्व कप अंतिम टूर्नामेंट होगा : राहुल द्रविड़
राहुल द्रविड़ ने पुष्टि कर दी कि टी20 विश्व कप भारतीय मुख्य कोच के तौर पर उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा। द्रविड़ की यह घोषणा अप्रत्याशित नहीं थी, माना जा रहा था कि वह इस पद के लिये दोबारा आवेदन नहीं करने वाले हैं।

बोर्ड ने पिछले महीने इस पद के लिये आवेदन बुलाये थे। आयरलैंड के खिलाफ विश्व कप में भारत के पहले मैच से पूर्व मीडिया से बातचीत में द्रविड़ ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के हर क्षण का लुत्फ उठाया है।
उन्होंने कहा ,‘‘ हर टूर्नामेंट अहम है। भारत के कोच के तौर पर हर मैच मेरे लिये महत्वपूर्ण रहा है। द्रविड़ नवंबर 2021 में टी20 विश्व कप के बाद भारत के मुख्य कोच बने थे। उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे अपना काम बहुत पसंद है। मैने भारतीय टीम की कोचिंग का पूरा मजा लिया और यह खास काम भी है।
मुझे टीम के साथ काम करने में मजा आया, क्रिकेट के इस तरह के शेड्यूल और जीवन के जिस चरण पर मैं अभी हूं, मुझे नहीं लगता कि मैं फिर आवेदन कर सकूंगा। उन्होंने कहा ,‘‘ इसलिये यह मेरा आखिरी टूर्नामेंट है, मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता। पहले दिन से मेरे लिये हर मैच महत्वपूर्ण है और मायने रखता है। इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।