Trending

इंडोनेशिया ओपन : प्रियांशु राजावत ने रोका प्रणॉय का अभियान, लक्ष्य सेन पहले दौर में जीते

भारत के लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत ने जकार्ता में इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन बीडब्ल्यूएफ सुपर 1000 टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में जगह बनाई। पुरुष एकल मुकाबले में लक्ष्य सेन ने जापान के कांता त्सुनेयामा को मैच में कड़ी टक्कर दी और इस मैच को 21-12, 21-17 से जीता।

साभार : गूगल

राउंड ऑफ 16 में लक्ष्य का सामना जापान के केंटा निशिमोटो से होगा, जिन्होंने पहले राउंड में सातवीं वरीयता प्राप्त एंथोनी गिंटिंग को हराया है। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने पहले गेम में ही मजबूत शुरुआत करते हुए मुकाबले में अपना दबदबा कायम किया।

लक्ष्य ने एक समय 10-4 से बड़ी बढ़त हासिल कर ली और उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा और वह लगातार अंक अपने नाम करते रहे और इस गेम को 21-12 से जीता। कांता त्सुनेयामा को इस गेम में काफी संघर्ष करना पड़ा।

दूसरे गेम में लक्ष्य शुरू से ही जापान के खिलाड़ी पर हावी रहे और 2-2 से स्कोर बराबर होने के बाद भारतीय शटलर ने 5-3 की बढ़त बनाई। कांता ने इस गेम को आखिर तक ले जाने की पूरी कोशिश की और स्कोर 17-14 कर दिया, भारतीय खिलाड़ी ने जापानी खिलाड़ी की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए 21-17 से जीत दर्ज की।

दिन का एक और मुकाबला काफी रोमांचक देखने को मिला, जब वर्ल्ड रैंकिंग में 10वें नंबर के खिलाड़ी एचएस प्रणॉय को पहले राउंड में हमवतन दुनिया के 34वें नंबर के खिलाड़ी प्रियांशु राजावत से 17-21, 11-21 से हार मिली।

प्रणॉय की अपने जूनियर खिलाड़ी के खिलाफ चार मैचों में यह पहली हार थी। राजावत अगले राउंड में मौजूदा विश्व चैंपियन थाईलैंड के कुणालवुट विटिदसर्न से मुकाबला करेंगे।

मिश्रित युगल जोड़ी बी सुमित रेड्डी और सिक्की रेड्डी ने भारतीय अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। भारतीय जोड़ी ने यूएसए के विसन चिउ-जेनी गाई को 18-21, 21-16, 21-17 से हारकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई।

महिला युगल मुकाबले में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने चीनी ताइपे की चेंग यू पेई- सुन यू हसिंग को 29 मिनट तक चले मुकाबले में 21-15, 21-11 से हराकर अगले राउंड में जगह बनाई।

पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने अपनी बढ़त को बनाए रखा और आसानी से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में उन्होंने चीनी ताइपे की जोड़ी को वापसी करने का मौका नहीं दिया और शानदार शॉट्स के साथ 21-11 से जीत दर्ज की।

पुरुष एकल के अन्य मुकाबले में किरण जॉर्ज 19वें रैकिंग पर मौजूद वेंग हांग यांग से 21-11, 10-21, 20-22 से हारकर बाहर हो गए। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। बता दें कि पिछले साल के चैंपियन चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रेड्डी अपने खिताब को डिफेंड नहीं करेंगे।