टी-20 विश्व कप : नीदरलैंड की जीत, नेपाल की 6 विकेट से हार
टी-20 विश्व कप के 7वें मैच में नीदरलैंड ने नेपाल को 6 विकेट से हराया। डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में हुए इस मैच में नेपाल पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 106 रन ही बना सकी। जवाब में डच टीम ने मैक्स ओडॉड की 54 रन की नाबाद पारी से 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 15 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद अनिल शाह (11) और कुशल मल्ला (9) जल्दी आउट हुए। संकट की घड़ी में कप्तान रोहित पौडेल ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। लगातार गिरते विकेटों के बीच नेपाल सिमट गई।
जवाब में नीदरलैंड ने विक्रमजीत सिंह (22) ओडॉड (54*) की बदौलत जीत दर्ज की। यह नेपाल का टी-20 विश्व कप में सबसे कम स्कोर बन गया। इस टूर्नामेंट के इतिहास में नेपाल का पिछला सबसे कम स्कोर 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ (126/5) आया था।

यह नीदरलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप में किसी भी टीम का दूसरा सबसे कम स्कोर दर्ज हुआ है। बता दें कि डच टीम के खिलाफ इंग्लैंड टीम 2014 के संस्करण में 88 रन पर सिमट गई थी। नीदरलैंड से टिम प्रिंगल ने प्रभावशाली गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर में 5 की इकॉनमी रेट से 20 रन देते हुए 3 सफलताएं मिली।
यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज आसिफ (4) को अपने पहले ओवर में ही आउट कर लिया था। बाएं हाथ के स्पिनर ने अनिल (11) और रोहित (35) को अपना शिकार बनाया।
नीदरलैंड से लोगन वैन बीक सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 3.2 ओवर में 18 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वैन बीक ने कुशल भुरतेल (7), गुलशन झा (14) और अभिनाश बोहरा (0) के विकेट झटके।

उनके 28 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 18.40 की औसत के साथ 32 विकेट हो गए हैं। टी-20 विश्व कप में इस तेज गेंदबाज ने कुल 11 विकेट ले लिए हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए ओडॉड ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक लगाया। वह 48 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का भी लगाया।
उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 67 मैचों में 30.46 की औसत और 121.13 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,828 रन बनाए हैं। वह 13 अर्धशतक के अलावा 1 शतक भी अपने नाम कर चुके हैं।