Trending

टी-20 विश्व कप : भारत की 8 विकेट से जीत, गेंदबाजों का कमाल

टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम ने आयरलैंड टीम को 8 विकेट से हराते हुए अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरिश टीम 96 रन पर ही ढेर हो गई थी। जवाब में भारत ने रोहित शर्मा (52) की पारी से 13वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

@Getty Images

आयरलैंड से एंड्र्यू बालबिर्नी और पॉल स्टर्लिंग के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने विपक्षी बल्लेबाज निरंतर आउट होते चले गए और पूरी टीम 16 ओवर में ही सिमट गई। आयरिश टीम से गैरेथ डेलानी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए।

जवाब में भारत से बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे विराट कोहली (1) जल्दी आउट हुए। रोहित (52) और ऋषभ पंत (36*) ने मैच में जीत दिलाई। भारतीय तेज गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के सामने आयरलैंड ने 6 ओवर के बाद 2 विकेट खोकर 26 रन बनाए।

@Getty Images

यह टी-20 विश्व कप में पॉवरप्ले ओवरों में आयरिश टीम का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले 2012 के संस्करण में आयरलैंड ने ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाफ पॉवरप्ले के बाद 29/3 का स्कोर बनाया था।

2010 के संस्करण में आयरिश टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 31/4 का स्कोर बनाया था। रोहित 37 गेंदों पर 52 रन बनाकर रिटायर्ट हर्ट हुए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 4,000 रन पूरे किए।

वह कोहली और बाबर आजम के बाद खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 4,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने हैं। रोहित ने 152 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ये आंकड़ा पार किया है। बता दें कि बाबर ने अपने 119वें मैच में और कोहली ने 115वें मैच में 4,000 रन पूरे किए थे।

रोहित ने टी-20 विश्व कप में अपने 1,000 रन पूरे किए हैं। इस बीच रोहित ने पूर्व कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल (965) को रनों के मामले में पीछे छोड़ा है। वह इस टूर्नामेंट में 1,000 रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले कोहली और महेला जयवर्धने (1,016) ही ऐसा कर पाए हैं।

रोहित ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 600 छक्के भी पूरे किए हैं। भारत से हार्दिक पांड्या सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 27 रन दिए।

उन्होंने लोर्कन टकर (10), कर्टिस कैम्फर (12) और मार्क अडायर (3) को आउट किया। यह आयरलैंड के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा है। अर्शदीप ने अपने 4 ओवर में 35 रन डेट हुए 2 विकेट लिए।

जसप्रीत बुमराह के खाते में 2 और मोहम्मद सिराज व अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट चटकाया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए पंत अच्छी लय में दिखे। उन्होंने 26 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए और इस बीच अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 1,000 रन भी पूरे किए हैं।

यह भारतीय टीम की आयरलैंड के खिलाफ 8वीं जीत है। इस टीम के विरुद्ध भारत ने अपना पहला मैच 2009 में खेला था और अब तक के सभी में जीत दर्ज की है। आयरलैंड दूसरी ऐसी टीम बनी है, जिसके खिलाफ भारत ने लगातार 8 टी-20 मैच जीते हैं। बता दें कि इससे पहले भारत ने बांग्लादेश टीम के विरुद्ध 2009-18 में लगातार 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीते थे।