Trending

टी-20 विश्व कप : कनाडा की रोमांचक जीत, आयरलैंड को 12 रन से हराया

टी-20 विश्व कप में कनाडा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड टीम को 12 रन से हराया। इस विश्व कप में कनाडा की पहली जीत है। उन्हें अपने पहले मैच में नेपाल टीम के खिलाफ हार मिली थी।

@AFP/Getty Images

आयरलैंड को इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरे मैच में हार मिली है। पहले मैच में आयरलैंड को भारतीय टीम ने हराया था। आयरलैंड टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कनाडा के 4 बल्लेबाज 53 रन पर पवेलियन लौट गए थे।

निकोलस किरटन (49) और श्रेयस मोव्वा (37) ने पारी को संभाला और टीम को 137 रन तक ले गए। आयरलैंड के लिए क्रेग यंग और बैरी मैकार्थी ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में आयरलैंड 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 125 रन ही बना पाई। आयरलैंड के लिए मार्क अडायर ने 4 ओवर में 23 रन खर्च कर 1 विकेट अपने नाम किया। उनकी इकॉनमी रेट 5.80 की रही।

यंग ने 4 ओवर में 32 रन खर्च करते हुए 2 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। उनकी इकॉनमी रेट 8 की रही। मैकार्थी ने 4 ओवर में 24 रन खर्च किए और 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट 6 की रही। गैरेथ डेलानी के खाते में 1 विकेट आया। कनाडा के सभी गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया।

कप्तान साद बिन जफर ने 4 ओवर में 22 रन खर्च किए और 1 बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखाई। उनके अलावा जेरेमी गॉर्डन के खाते में 2 विकेट आए। जुनैद सिद्दीकी के खाते में 1 विकेट आया। डिलन हेइलिगर की गेंदबाजी मुकाबले में कमाल की रही। उन्होंने 4 ओवर में 18 रन खर्च किए और 2 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी 4.50 की रही।

कनाडा के बल्लेबाज किरटन इस टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2 मैच में 100 रन बनाए हैं। यूएसए के एंड्रीस गौस ने भी इस विश्व कप में 100 रन बनाए हैं।

पहले स्थान पर यूएसए के आरोन जोंस हैं। उन्होंने 2 मैच में 196.96 की स्ट्राइक रेट से 130 रन बनाए हैं। किरटन ने यूएसए के खिलाफ पहले मैच में 51 रन की पारी खेली थी।