नॉर्वे शतरंज : कार्लसन विजेता, भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंदा को तीसरा स्थान
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने नॉर्वे शतरंज के अंतिम दौर में अमेरिका के हिकारू नाकामुरा को हराकर अभियान का सकारात्मक अंत किया और तीसरे स्थान पर रहे। मैग्नस कार्लसन 17.5 अंक लेकर अपने अभियान का अंत किया। विजेता बनने पर उन्हें 65000 डॉलर की इनामी राशि मिली।

उन्होंने प्रत्येक दौर में जीत दर्ज की। इनमें क्लासिकल टाइम कंट्रोल और आर्मगेडन दोनों हैं। नाकामुरा ने अंतिम दौर में हारने के बावजूद 15.5 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, प्रज्ञानानंदा 14.5 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
प्रज्ञानानंदा के लिए यह राहत की बात रही कि उन्होंने इस टूर्नामेंट में विश्व के चोटी के तीन खिलाड़ियों को हराया। उन्होंने कार्लसन और फैबियानो कारूआना को क्लासिकल टाइम कंट्रोल में हराया और नाकामुरा के खिलाफ उनकी जीत ने पक्का किया कि वे शीर्ष तीन खिलाड़ियों को हराने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
अलीरेजा फिरौजा (13.5 अंक) ने चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने चीन के डिंग लिरेन को हराया जो छठे और अंतिम स्थान पर रहे। कारूआना ने 10 अंक के साथ पांचवा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग में चीन की वेनजुन जू ने हमवतन टिंगजी लेई को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने क्लासिकल टाइम कंट्रोल के तहत तीन जीत से 19 अंक हासिल किए। अन्ना मुजीचुक 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
लेई (14.5 अंक), भारत की आर वैशाली (12.5 अंक) और कोनेरू हम्पी (10 अंक) तथा पिया क्रैमलिंग (आठ अंक) का नंबर आता है। वैशाली को अंतिम दौर में क्रैमलिंग, हम्पी को मुजीचुक से हार मिली।