टी-20 विश्व कप : अकील हुसैन का पंजा, वेस्टइंडीज ने युगांडा को 134 से दी शिकस्त
बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन के पांच विकेट से वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप में युगांडा को 134 रन से हराया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 173 रन बनाए, जवाब में युगांडा 12 ओवर में 39 रन बनाकर आउट हो गया।

हुसैन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 11 रन देकर 5 विकेट लिए। युगांडा ने पुरुष टी20 विश्व कप में न्यूनतम स्कोर की बराबरी की। जॉनसन चार्ल्स (44) ने वेस्टइंडीज से सर्वाधिक रन बनाए, आंद्रे रसेल ने 30 रन की आक्रामक नाबाद पारी खेली।
निकोलस पूरन ने 22 रन, कप्तान रोवमैन पावेल ने 23 और शेरफन रदरफोर्ड ने 22 रन का योगदान दिया। युगांडा से ब्रायन मसाबा ने 31 रन देकर दो विकेट लिए। वेस्टइंडीज ने इस बड़ी जीत से अपना नेट रन रेट 3.574 पर पहुंचा दिया है जिससे उसे ग्रुप सी में शीर्ष पर जगह बनाने में मदद मिलेगी।
वेस्टइंडीज के कप्तान पावेल ने मैच के बाद कहा,‘‘यहां से आगे का रास्ता कड़ा हो जाएगा, हम परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझते हैं। हम प्रत्येक मैच में 10 से 15 प्रतिशत सुधार करने पर बात करते हैं। पहले मैच में हम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और इसलिए हम एक टीम के रूप में सुधार करना चाहते थे।

वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने युगांडा को क्रिकेट का कड़ा सबक सिखाया। युगांडा के कप्तान मसाबा ने कहा,‘‘हमारे लिए यह मुश्किल दिन था। इससे हमें कड़ा सबक मिला। हम हर विभाग में नाकाम रहे, इस मैच से हमें काफी सीख मिली।
बल्लेबाजी में हमें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था, गेंदबाजों का प्रदर्शन हमारे लिए सकारात्मक रहा। हम उन्हें 200 रन से कम पर रोकने में सफल रहे तथा डेथ ओवरों में हमने प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
युगांडा की आधी टीम पावर प्ले में ही पवेलियन आ गई थी। हुसैन ने गेंदबाजी का आगाज किया और अपने पहले तीन ओवर में तीन विकेट लिए। युगांडा के बल्लेबाज हुसैन की गेंदों को समझने में नाकाम रहे जिन्होंने पहली बार पांच विकेट लेकर टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया।
युगांडा से नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे जुमा मियागी (नाबाद 13) दोहरे अंक में पहुंचने वाले एकमात्र बल्लेबाज थे। वेस्टइंडीज से हुसैन के अलावा अलजारी जोसेफ ने तीन ओवर में 6 रन देकर दो विकेट लिए।