फीफा विश्व कप क्वालीफाइंग मैच : कतर के खिलाफ गुरप्रीत भारतीय कप्तान
भारत की पहली पसंद के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू को रविवार को यहां कतर के खिलाफ 2026 फीफा विश्व कप क्वालीफाइंग मैच के लिए टीम का कप्तान बनाया गया। भारत यहां के जसीम बिन हमद स्टेडियम में मेजबान कतर से खेलेगा।

भारतीय टीम मैच के लिए शनिवार रात दोहा पहुची। टीम इस मैच को जीतकर विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे चरण में पहली बार प्रवेश का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। सुनील छेत्री के संन्यास के बाद यह भारत का पहला मैच है। छेत्री ने बृहस्पतिवार को कुवैत के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ रहे मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदा ले ली।
मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने इस मुकाबले के लिए 23 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें रक्षा पंक्ति के खिलाड़ी अमेय रानावाडे, लालचुंगनुंगा और सुभाशीष बोस नहीं है। बोस ने निजी कारणों से टीम में शामिल नहीं करने का निवेदन किया था।
रानावाडे और लालचुंगनुंगा के बारे में स्टिमक ने कहा, ‘‘मैं उन दोनों खिलाड़ियों से संतुष्ट हूं। हमने भविष्य के लिए उनके खेल के विभिन्न पहलुओं पर काम किया।
उन्हें यहां आयी टीम से बाहर करने से पहले हमने अच्छी बातचीत की और उन्हें पता है कि उन्हें अपने खेल में कहां सुधार करना है। मुझे उम्मीद है कि वे दोनों आने वाले समय का उपयोग सुधार करने और मजबूत होकर वापसी करने में करेंगे।
स्टिमक ने कहा कि गुरप्रीत को कप्तानी सौंपना कोई मुश्किल काम नहीं था। 32 साल का यह खिलाड़ी 71 अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ टीम का सबसे अनुभवी खिलाड़ी है। स्टिमक ने कहा, ‘‘गुरप्रीत पिछले पांच वर्षों से सुनील और संदेश (झिंगन) के साथ कुछ मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी निभाई है। स्वाभाविक रूप से वह इस इसका दावेदार था।
कतर ने ग्रुप में शीर्ष स्थान के साथ पहले ही तीसरे चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उसकी 29 सदस्यीय टीम में 21 खिलाड़ी 24 साल के कम उम्र के है।
भारत अगर मैच हारती है तो वह विश्व कप के तीसरे चरण के क्वालीफायर से बाहर हो जायेगी। भारत पांच अंक लेकर कतर के बाद दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान पांच अंक लेकर तीसरे और कुवैत तीन अंक के साथ चौथे स्थान पर है।