फ्रेंच ओपन : कार्लोस अल्कारेज बने विजेता, फाइनल में एलेक्जेंडर ज्वेरेव की हार
कार्लोस अल्कारेज ने फ्रेंच ओपन पुरुष सिंगल के फाइनल में एलेक्जेंडर ज्वेरेव को पांच सेट तक चले कड़े मुकाबले में हराकर तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। अल्कारेज ने ज्वेरेव को चार घंटे और 19 मिनट चले मुकाबले में 6-3, 2-6, 5-7, 6-1, 6-2 से हराकर खिताब जीता। ज्वेरेव के खिलाफ 10 मैच में यह अल्कारेज की पांचवीं जीत है।

अल्कारेज दिग्गज रफेल नडाल को रोलां गैरो पर 14 ट्रॉफी जीतते हुए देखते हुए बड़े हुए हैं और वह नडाल को पछाड़कर तीन सतहों पर मेजर चैंपियनशिप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
जब नडाल ने यह कारनामा किया था तब उनकी उम्र अल्कारेज से डेढ़ साल अधिक थी। यह 2004 के बाद पहला फ्रेंच ओपन फाइनल है जिसमें नडाल, नोवाक जोकोविच या रोजर फेडरर तीनों में से कोई भी नहीं खेल रहा था। दो हफ्ते पहले नडाल पहले दौर में ज्वेरेव के खिलाफ हार गए थे, तीन बार के चैंपियन जोकोविच ने घुटने की चोट के कारण क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पूर्व हट गए।
फेडरर संन्यास ले चुके हैं। खिताबी मुकाबले के दौरान तीन सेट के बाद अल्कारेज 1-2 से पीछे चल रहे थे, अंतिम दो सेट में वह 15 में से 12 गेम जीतकर तीसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने में सफल रहे।
अल्कारेज 2022 में हार्ट कोर्ट पर अमेरिकी ओपन और 2023 में ग्रास कोर्ट पर विंबलडन खिताब जीत चुके हैं। अल्कारेज ने ग्रैंडस्लैम फाइनल में अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। वह और ज्वेरेव पहली बार फ्रेंच ओपन फाइनल में खेल रहे थे।
ज्वेरेव की ग्रैंडस्लैम खिताबी मुकाबलों में यह दो मौकों पर दूसरी हार है। जर्मनी का यह 27 वर्षीय खिलाड़ी 2020 में डोमीनिक थीम के खिलाफ दो सेट की बढ़त गंवाने के बाद अमेरिकी ओपन फाइनल हार गया था। ज्वेरेव पहली बार फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचे थे। वह इससे पहले लगातार तीन साल तक सेमीफाइनल से बाहर हो गये थे।