इटली एटीपी चैलेंजर : सुमित नागल प्री क्वार्टरफाइनल में
भारत के शीर्ष वरीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने बोस्निया के नर्मन फैटिक पर जीत से एटीपी 125 पेरुगिया चैलेंजर के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पिछले हफ्ते जर्मनी में हीलब्रॉन नेकरकप 2024 चैलेंजर टूर्नामेंट में पुरुष एकल खिताब जीतने वाले छठे वरीय भारतीय ने एक घंटे 52 मिनट तक चले पहले दौर के मुकाबले में 7-6(1), 6-2 से जीत दर्ज की।

पहला सेट बराबरी पर रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच ज्यादा अंतर नहीं था। नागल टाईब्रेक में फैटिक को मात देने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने सर्विस के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए दूसरे सेट में अपने बोस्निया के प्रतिद्वंद्वी पर दबदबा बनाया।
नागल दूसरे दौर में स्थानीय खिलाड़ी एलेसांद्रो जियाननेसी से भिड़ेंगे। इस जीत ने एटीपी लाइव रैंकिंग में नागल चार पायदान ऊपर 73वें स्थान पर पहुंच गये हैं जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। नागल (26 वर्ष) ने पेरिस ओलंपिक पुरुष एकल ड्रॉ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
नागल पेरिस में पुरुष एकल स्पर्धा में एकमात्र भारतीय होंगे। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ 12 जून तक क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों के बारे में राष्ट्रीय महासंघों को सूचित करेगा जिसके बाद राष्ट्रीय ओलंपिक समितियां 19 जून तक अपनी प्रविष्टियों की पुष्टि करेंगी।