न्यूयॉर्क में एनएफएल मुख्यालय पहुंचे बीसीसीआई सचिव जय शाह
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने न्यूयॉर्क में नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) के मुख्यालय का दौरा किया। बीसीसीआई ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य ‘अंतरराष्ट्रीय खेल सहयोग को बढ़ावा देना’ है। बीसीसीआई सचिव शाह मौजूदा टी20 विश्व कप के लिए अमेरिका में हैं।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय खेल सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम के रूप में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने न्यूयॉर्क में नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) मुख्यालय का दौरा किया।
बीसीसीआई आईपीएल का आयोजन करता है जो प्रति मैच मूल्य के मामले में अमेरिका के एनएफएल के बाद दुनिया की दूसरी सबसे अमीर खेल लीग बन गई है। 2008 में पहले सत्र के बाद से आईपीएल और टी20 क्रिकेट में तेजी से वृद्धि हुई है।
बीसीसीआई ने कहा कि शाह ने यात्रा के दौरान एनएफएल आयुक्त रोजर गुडेल और उनकी टीम के साथ चर्चा की जिसमें सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने, नवीन विचारों का आदान-प्रदान करने और प्रशंसक को जोड़ने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
शाह ने गुडेल को बीसीसीआई के लोगो वाला ‘कस्टमाइज्ड’ (विशेष रूप से तैयार) हेलमेट और टीम इंडिया की जर्सी भेंट की। सहयोग के प्रतीक के रूप में शाह को बदले में एक एनएफएल गेंद मिली। बीसीसीआई के अनुसार यह आदान-प्रदान दुनिया के दो सबसे लोकप्रिय खेलों, क्रिकेट और अमेरिकी फुटबॉल के बीच गहरे होते संबंधों और साझा दृष्टिकोण को रेखांकित करता है।