टी-20 विश्व कप : पाकिस्तान ने कनाडा को 7 विकेट से हराया
टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम ने कनाडा टीम को 7 विकेट से हराया। यह इस विश्व कप में इस टीम की पहली जीत है। इस मैच से पहले उन्हें भारत और अमेरिका के खिलाफ हार मिली थी। कनाडा ने 3 मुकाबले खेले हैं, उन्हें 2 मैच में हार और आयरलैंड के खिलाफ 1 मैच में जीत मिली है।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और 54 रन तक टीम के 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे।
आरोन जॉनसन (52) ने मैच कनाडा के लिए अकेले संघर्ष किया और उनके शानदार प्रदर्शन के ही कारण टीम का स्कोर 20 ओवर में 106/7 का हुआ। जवाब में पाकिस्तान ने 3 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मोहम्मद रिजवान ने पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी पारी (53*) खेली। जॉनसन ने 44 गेंद का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 118.18 की रही। यह टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी का पहला अर्धशतक था।
टी-20 विश्व कप में उन्होंने 3 मुकाबले खेले हैं और 121.91 की स्ट्राइक रेट और 29.66 की औसत से 89 रन बनाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 19 मैच में 47.17 की औसत से 802 रन बनाए हैं।
हारिस रऊफ ने जैसे ही श्रेयस मोव्वा को आउट किया, वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए। उन्होंने 71 मैच में यह कारनामा किया है। उन्होंने आयरलैंड के मार्क अडायर और ओमान के बिलाल खान का रिकॉर्ड तोड़ा।
इन दोनों तेज गेंदबाजों ने 72-72 मैच में 100 विकेट पूरे किए थे। लसिथ मलिंगा ने 76 मैच में 100 विकेट झटके थे और मुस्तफिजुर रहमान ने 81 मैच में 100 विकेट लिए हैं। पाकिस्तान के सभी गेंदबाजों ने मैच में उम्दा प्रदर्शन किया। शाहीन अफरीदी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया। उनकी इकॉनमी 5.20 की रही।
नसीम शाह ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट 6 की रही। मोहम्मद आमिर ने 4 ओवर में सिर्फ 13 रन खर्च किए और 2 बल्लेबाजों को आउट किया। उनकी इकॉनमी 3.20 की रही। रऊफ ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट झटके।
रिजवान ने 52 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास का सबसे धीमा अर्धशतक है। डेविड मिलर ने इसी विश्व कप में 50 गेंद में अर्धशतक बनाया था। रिजवान ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर सबसे तेज 3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए। उन्होंने मार्टिन गुप्टिल (95 पारी) का रिकॉर्ड तोड़ा।
रिजवान ने टी-20 विश्व कप में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर 500 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले पांचवे बल्लेबाज बने हैं।