टी-20 विश्व कप : बारिश की भेंट चढ़ा श्रीलंका-नेपाल मैच, सुपर आठ में दक्षिण अफ्रीका की जगह पक्की
श्रीलंका और नेपाल के बीच टी20 विश्व कप का मैच भारी बारिश के कारण नहीं हो पाया, जिससे दक्षिण अफ्रीका की सुपर आठ में जगह पक्की हो गई। बारिश के कारण इस मैच में एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी।

श्रीलंका और नेपाल दोनों को एक-एक अंक मिला जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर आ गए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप डी में शीर्ष पर रहते हुए सुपर आठ में जगह बनाई। उसने अपने तीनों मैच जीते हैं।
बांग्लादेश इस ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। उसके और नीदरलैंड के समान दो दो अंक हैं। बांग्लादेश की टीम बेहतर नेट रन रेट के आधार पर दूसरे स्थान पर है। नेपाल और श्रीलंका के एक-एक अंक हैं। नेपाल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को और बांग्लादेश के खिलाफ सोमवार को किंग्सटाउन, सेंट विंसेंट में मैच खेलने हैं।
श्रीलंका की अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं। उसे केवल एक मैच नीदरलैंड के खिलाफ सोमवार को सेंट लूसिया में खेलना है।