मुझे उम्मीद है रोनाल्डो अधिक से अधिक मैच खेलेंगे : सुनील छेत्री
यूरो कप करीब है और पिछले दो दशकों की तरह इस बार भी सबकी नजरें क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर होंगी, जो पुर्तगाल के महान खिलाड़ी हैं। 39 वर्षीय खिलाड़ी ने नवंबर 2023 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय गोल नहीं किया है। उन्हें युवा स्ट्राइकर गोंकालो रामोस ने कई बार टीम में रिप्लेस भी किया।

टूर्नामेंट से पहले, भारत के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान सुनील छेत्री ने एक समाचार एजेंसी के साथ खास बातचीत में टीम में रोनाल्डो की भूमिका और महत्व के बारे में बात की।
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि रोनाल्डो अधिक से अधिक मैच खेलेंगे। मैं उन्हें खेलते हुए देखना पसंद करूंगा। हो सकता है कि वह उतनी तेजी से टर्नअराउंड न कर पाएं और डिफेंसिव न खेल पाएं, एक बार लय में आने के बाद उनके जैसा खतरनाक खिलाड़ी कोई नहीं है।
पुर्तगाल सितारों से सजी है। वे गेंद को अपने पास रखने में अच्छे हैं, अधिकतर वे विरोधी टीम पर हावी रहते हैं। उनके पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं, वे रोनाल्डो को बेंच पर रख सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि कोच सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का चयन करेगा, रोनाल्डो का होना टीम को बढ़त देता है। वो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैदान पर जब भी मौका मिलता है तो उस मौके को गोल में तब्दील करने का माद्दा रखते हैं।
मुझे लगता है कि एक प्रशंसक के तौर पर, जिसने पिछले 20 सालों में उनसे बहुत कुछ सीखा है, मुझे उम्मीद है कि हम उन्हें मैदान पर और ज्यादा समय तक देख पाएंगे। छेत्री यूईएफए यूरो के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के स्टूडियो शो फुटबॉल एक्स्ट्रा में विशेषज्ञ पैनलिस्ट हैं।