लंदन में भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की सफल सर्जरी
टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की लंदन में पैर की सफल सर्जरी हुई है। ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में उन्होंने सर्जरी के बाद की अपनी तस्वीर शेयर की और कैप्शन में लिखा कि ऑपरेशन सफलतापूर्वक हुआ।

वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू टेस्ट के दौरान शार्दुल को कमर में चोट लग गई थी और हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण वह 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ प्रतिष्ठित लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर हो गए थे।
आईपीएल सीजन शार्दुल के लिए मुश्किल भरा रहा। 9 मैचों में, वह 9.76 की इकॉनमी रेट और 61.80 की औसत के साथ पांच विकेट लेने में सफल रहे, जो उनके लिए काफी खराब है। इस सीजन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अहम मैच में आया, जहां उन्होंने चार ओवरों में (2/61) ठीक ठाक प्रदर्शन किया।

रजत पाटीदार और ग्लेन मैक्सवेल के अहम विकेट लेने के बावजूद, ठाकुर का महंगा स्पेल आईपीएल इतिहास में सीएसके गेंदबाज द्वारा दूसरा सबसे खराब आंकड़ा रहा, जो लुंगी एनगिडी के 0/62 के बाद दूसरे स्थान पर है।
ठाकुर ने भारत के लिए आखिरी बार दिसंबर 2023 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। जिसमें वह एक विकेट ले पाए थे और दक्षिण अफ्रीका ने एक पारी और 32 रन से मैच जीता था।

शार्दुल ठाकुर रणजी ट्रॉफी में चमके, जहां उन्होंने मुंबई के विजयी अभियान में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पांच मैचों में 255 रन बनाए और 12 विकेट लिए। तमिलनाडु के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार शतक और चार विकेट लेकर वो प्लेयर ऑफ द मैच भी बने।
