Trending

ऑस्ट्रेलियन ओपन : एचएस प्रणॉय और समीर वर्मा अंतिम आठ में

भारतीय शटलर एचएस प्रणॉय ने ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। प्रणॉय ने इजरायल के मिशा जिल्बरमैन को 46 मिनट में 21-17, 21-15 से हराया।

साभार : गूगल

जीत के बाद भारतीय शीर्ष बैडमिंटन पुरुष एकल खिलाड़ी प्रणॉय का क्वार्टरफाइनल में मुकाबला दुनिया के 6वें नंबर के जापानी खिलाड़ी कोडाई नाराओका से होगा।

समीर वर्मा ने सिंगापुर के लोह कीन यू को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। समीर ने पूर्व विश्व चैंपियन के खिलाफ 62 मिनट तक चले मैच में 21-14, 14-21, 21-19 से जीत दर्ज की।

अगले राउंड में उनका सामना दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा। 35वें नंबर के किरण जॉर्ज दूसरे राउंड में दुनिया के 11वें नंबर के खिलाड़ी जापान के केंटा निशिमोतो से हार गए। पहले गेम में कड़ी टक्कर देने के बावजूद जॉर्ज 49 मिनट में 20-22, 6-21 से हार गए।

महिला एकल में आठवीं वरीयता प्राप्त आकर्षी कश्यप ने ऑस्ट्रेलिया की काई क्यू तेओह को 21-16, 21-13 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। आकर्षी का सामना अंतिम आठ में तीसरी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की पाई यू-पो से होगा।

मालविका बंसोड़ को इंडोनेशिया की सातवीं वरीयता प्राप्त एस्टर नूरमी ट्राई वार्डोयो से 17-21, 21-23 से हार मिली, अनुपमा को इंडोनेशिया की छठी वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वर्दानी से 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।

मिश्रित युगल वर्ग में, बी सुमीत रेड्डी और एन सिक्की रेड्डी ने काई चेन तेओह और काई क्यू तेओह की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। 215वीं रैंकिंग के सुमीत रेड्डी-सिक्की रेड्डी का सामना अंतिम आठ में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की दुनिया की पांचवें नंबर की जोड़ी जियांग जेन बैंग और वेई या शिन से होगा।

रुतपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा भी महिला युगल के दूसरे राउंड में बाहर हो गईं। वे मलेशिया की लाइ पेई जिंग और लिम चियू सिएन से 27 मिनट में 5-21, 9-21 से हार गईं।