बालाजी होंगे पेरिस ओलंपिक में बोपन्ना के जोड़ीदार
अखिल भारतीय टेनिस संघ ने पुष्टि की कि रोहन बोपन्ना पेरिस ओलंपिक में पुरुष युगल स्पर्धा में एन श्रीराम बालाजी के साथ जोड़ी बनाएंगे।
एआईटीए ने जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अखिल भारतीय टेनिस संघ यह घोषणा करते हुए रोमांचित है कि रोहन बोपन्ना और एन. श्रीराम बालाजी ने टेनिस युगल स्पर्धा में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ओलंपिक के लिए उनकी यात्रा भारतीय टेनिस के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

यह निर्णय पूर्व डेविस कप कप्तान नंदन बल की अध्यक्षता वाली चयन समिति की बैठक में हुआ। भारत के नंबर दो युगल खिलाड़ी युकी भांबरी भी दावेदार थे, एआईटीए सूत्रों के अनुसार कोर्ट पर तेजी से आगे बढ़ने की बालाजी की क्षमता ने उनके पक्ष में काम किया।
बेंगलुरु में बोपन्ना स्पोर्ट्स स्कूल से जुड़े बालाचंद्रन मणिक्कथ कोच के रूप में टीम के साथ यात्रा करेंगे, रेबेका वान ओर्शेगेन फिजियोथेरेपिस्ट होंगी।