Trending

टी-20 विश्व कप : नीदरलैंड के खिलाफ बांग्लादेश की 25 रन से जीत

टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश टीम ने नीदरलैंड टीम को 25 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड पूरे ओवर खेलने के बाद 8 विकेट पर 134 रन ही बना सकी।

@ICC/Getty Images

बांग्लादेश से नजमुल हसन शांतो (1) और लिटन दास (1) सस्ते में पवेलियन लौट गए। मुश्किल घड़ी में शाकिब अल हसन ने अर्धशतक (64) लगाया। तंजीद हसन (35) और महमूदुल्लाह (25) ने उपयोगी योगदान दिया और बांग्लादेश का स्कोर 150 के पार पहुंचाया।

जवाब में नीदरलैंड से माइकल लेविट (18) और मैक्स ओडॉड (12) बड़ी पारी नहीं खेल सके। विक्रमजीत सिंह (26) और सिब्रांड एंजेलब्रेक्ट (33) ने संघर्ष किया, जीत नहीं दिला सके।

@ICC/Getty Images

जब बांग्लादेश ने 23 के स्कोर पर लिटन दास के रूप में अपना दूसरा विकेट खोया, तब शाकिब क्रीज पर आए। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करके विपक्षी गेंदबाजों में दबाव डालने का प्रयास किया। इस अनुभवी बल्लेबाज ने 38 गेंदों में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक पूरा किया।

इस बीच उन्होंने तंजीद हसन के साथ मिलकर 48 रन की उपयोगी साझेदारी भी की। वह 46 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान शाकिब टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2,500 रन बनाने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने हैं।

उन्होंने अब तक 125 मैचों की 122 पारियों में 121.85 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,515 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 84 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 13 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। शाकिब के बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम की ओर से दूसरे सर्वाधिक रन महमूदुल्लाह (2,360) ने बनाए हुए हैं।

बांग्लादेश की जीत में रिशाद हुसैन ने अहम भूमिका निभाई। इस लेग स्पिनर ने एंजेलब्रेक्ट के रूप में अपना पहला शिकार बनाया। उसी ओवर में उन्होंने बास डे लीडे (0) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने निचले क्रम में लोगन वैन वीक (2) का विकेट झटका।

रिशाद ने अपने 4 ओवर में 33 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 7.19 की इकॉनमी रेट से 22 विकेट ले लिए हैं।

यह ग्रुप-D में मौजूद बांग्लादेश की दूसरी जीत है और शांतो की कप्तानी में टीम अब 4 अंको के साथ (+0.478) दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश को अपने आखिरी ग्रुप मैच में 16 जून को नेपाल क्रिकेट टीम से खेलना है।

इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका 6 अंको के साथ (+0.603) पहले ही सुपर-8 में प्रवेश कर चुकी है। नीदरलैंड की यह दूसरी हार है और डच टीम 2 अंक (-0.408) के साथ तीसरे पायदान पर है।