टी-20 विश्व कप : कनाडा के खिलाफ मैच के लिए फ्लोरिडा में टीम इंडिया
न्यूयॉर्क में चल रहे टी20 विश्व कप के तीन मैच जीतने के बाद, टीम इंडिया कनाडा के खिलाफ अपने आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच के लिए फ्लोरिडा आ गई है।
बीसीसीआई के आधिकारिक मीडिया हैंडल पर साझा वीडियो में, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल को फ्लाइट में यात्रा करते समय बातचीत करते देखा जा सकता है। बीसीसीआई ने क्लिप शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, टीम इंडिया टी20 विश्वकप के अपने आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच के लिए फ्लोरिडा आ गई है।
भारत ने अब तक तीन मैचों में तीन जीत के साथ टूर्नामेंट के सुपर आठ चरण में प्रवेश कर लिया है। यूएसए के खिलाफ मैच में भारतीय कप्तान रोहित ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी।
यूएसए ने अपने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 110 रन का संघर्षपूर्ण स्कोर बनाया, जिसमें नीतीश कुमार (23 गेंदों में 27 रन, दो चौके और एक छक्का) और स्टीवन टेलर (30 गेंदों में 24 रन, दो छक्कों) ने अहम पारियां खेलीं।

भारत से अर्शदीप ने 4, हार्दिक पांड्या ने 2 और अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया। 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (03) और विराट कोहली (00) को जल्दी खो दिया। 39 रन पर ऋषभ पंत (20 गेंदों में 18 रन, एक चौका और एक छक्का) को अली खान ने बोल्ड कर भारत को मुश्किल में डाल दिया।
सूर्यकुमार यादव (49 गेंदों में 50 रन, दो चौके और दो छक्के) और शिवम दुबे (35 गेंदों में 31* रन, एक चौका और एक छक्का) ने चौथे विकेट के लिए 72 रन की नाबाद साझेदारी कर भारत को 7 विकेट से जीत दिलाई। यूएसए के लिए सौरभ नेत्रवलकर ने 2 और अली खान ने 1 विकेट लिया। अर्शदीप ने अपने स्पेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता।