टी-20 विश्व कप : दक्षिण अफ्रीका की चौथी जीत में चमके रीजा हेंड्रिक्स व तबरेज शम्सी
टी-20 विश्व कप में रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका टीम ने नेपाल टीम को 1 रन से हराया। यह एडेन मार्करम के टीम की इस विश्व कप में लगातार चौथी जीत है। नेपाल को नीदरलैंड के खिलाफ हार मिली थी और श्रीलंका के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।

नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 115 रन ही बना पाई। रीजा हेंड्रिक्स ने टीम के लिए सबसे बड़ा स्कोर (43) बनाया।
उन्होंने इसके लिए 49 गेंद खर्च कर दी। कुशल भुर्तेल ने 4 और दीपेन्द्र सिंह ने 3 विकेट अपने नाम किए। जवाब में तबरेज शम्सी ने 4 विकेट झटके। नेपाल 114 रन बना पाई। दक्षिण अफ्रीका का टी-20 विश्व कप में यह दूसरा सबसे छोटा स्कोर (115/7) है। हैरान करने वाली बात ये है कि उनके दोनों छोटे स्कोर इसी विश्व कप में आए हैं।

इससे पहले बांग्लादेश टीम के खिलाफ टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 113 रन ही बना पाई थी। उस मुकाबले में भी दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी शानदार रही थी और टीम ने 4 रन से मैच अपने नाम कर लिया था।
मैच में कुशल ने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी रेट 4.80 की रही। वह नेपाल के पहले खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने टी-20 विश्व कप के इतिहास में पहली बार 4 विकेट हॉल लिया है। इससे पहले नेपाल के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शक्ति गौचन ने किया था।
उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में हांगकांग क्रिकेट टीम के खिलाफ 9 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे। दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 विश्व कप में एसोसिएट देश (टेस्ट क्रिकेट ना खेलने वाली टीम) के खिलाफ चौथा सबसे छोटा स्कोर बनाया है।
2014 के विश्व कप में इंग्लैंड टीम नीदरलैंड के खिलाफ 88 रन पर ऑलआउट हो गई थी। 2016 के इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश क्रिकेट टीम हांगकांग के खिलाफ सिर्फ 108 रन ही बना पाई थी। 2021 के विश्व कप में श्रीलंका टीम नामीबिया के खिलाफ 108 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक विकेटकीपर के तौर पर 300 टी-20 मुकाबले खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले सिर्फ 2 खिलाड़ी यह कारनामा कर चुके हैं।
यह दोनों खिलाड़ी (महेंद्र सिंह धोनी 380, दिनेश कार्तिक 338) भारतीय हैं। रोहित पौडेल नेपाल के पहले कप्तान हैं, जो किसी भी टी-20 विश्व कप के मुकाबले में खाता खोले बिना आउट हो गए। नेपाल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेला और 1 रन से हारे।