Trending

टी-20 विश्व कप : नामीबिया पर जीत से इंग्लैंड की सुपर-8 की उम्मीद कायम

टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड टीम ने नामीबिया टीम को 41 रन से हराते हुए सुपर-8 की उम्मीदों को जीवित रखा है। बारिश से प्रभावित मैच में इंग्लैंड ने 10 ओवर में 122/5 का स्कोर बनाया।

@ICC/Getty Images

डक वर्थ लुईस से नामीबिया को जीत के लिए 10 ओवर में 126 रन का लक्ष्य मिला, जिसे वह हासिल नहीं कर सके। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जोस बटलर (0) और फिल सॉल्ट (11) सस्ते में सिमट गए।

जॉनी बेयरस्टो (31), हैरी ब्रूक (47*) और मोईन अली (16) ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। लियाम लिविंगस्टोन ने 4 गेंदों में 13 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए डेविड विसे (27) और माइकल वैन लिंगेन (33) ने संघर्ष किया, टीम 84/3 का स्कोर ही बना सकी।

इंग्लैंड ने जब 13 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब ब्रूक बल्लेबाजी के लिए आए। इस युवा बल्लेबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर 53 रन की साझेदारी की।

ब्रूक ने मोईन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन भी जोड़े। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे ब्रूक 20 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों से 47 रन बनाकर नाबाद रहे। नामीबिया से अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे डेविड विसे ने किफायती गेंदबाजी की। इस अनुभवी खिलाड़ी ने अपने 2 ओवर में 6 रन दिए और सॉल्ट का विकेट चटकाया।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रुबेन ट्रम्पेलमैन ने अपने 2 ओवर में 31 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की। स्पिन गेंदबाज बर्नार्ड स्कोल्ट्ज ने 2 ओवर में 12 की इकॉनमी रेट से 24 रन दिए। उन्होंने बेयरस्टो के रूप में इकलौता विकेट हासिल किया।

इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में चारों मैच खेल लिए हैं, जिसमें से 2 में उन्हें जीत मिली है और 1 में हार मिली। इसके अलावा 1 मैच बारिश के चलते रद्द भी हुआ है।

इंग्लैंड 5 अंको के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया 6 अंको के साथ पहले और स्कॉटलैंड 5 अंको के साथ तीसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के बीच अभी 1 ग्रुप मैच खेला जाना बाकी है।