पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए अगले विश्व कप से आई ये खुशखबरी
टी-20 विश्व कप से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड बाहर हो गई है। ग्रुप स्टेज में टीम दो-दो मैच हारकर सुपर 8 की रेस से बाहर हो गई हैं, फिर भी एक खुशखबरी दोनों टीमों के लिए है।

ये खुशखबरी अगले टी20 विश्व कप से जुड़ी है। 2026 में श्रीलंका और भारत में आयोजित होने वाले इस मेगा इवेंट के क्वॉलिफिकेशन का रास्ता पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने तय कर लिया है। भले ही दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप का अपना आखिरी लीग मैच हार जाएं, फिर भी दोनों टीमें सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई कर जाएंगी।
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए जो क्वॉलिफाइंग रूल हैं, उनके मुताबिक वर्तमान में जारी टी20 विश्व कप की 20 में से टॉप 12 टीमें सीधे अगले टूर्नामेंट के लिए क्वॉलीफाई करेंगी।
मेजबान के तौर पर भारत और श्रीलंका इस सूची में पहली दो टीमें होंगी, जिन्हें सभी सुपर 8 टीमों के साथ अगले संस्करण में सीधे प्रवेश मिलेगा। भारत टी20 विश्व कप में ग्रुप ए से सुपर 8 के लिए पहले ही क्वॉलीफाई कर चुका है। भारत ने दो मानदंडों के तहत क्वॉलिफिकेशन को पूरा कर लिया है। पाकिस्तान की टीम भी टॉप 12 में रह सकती है।
सुपर 8 में जगह बनाने वाली और 2026 संस्करण में सीधे प्रवेश पाने वाली अन्य टीमें दक्षिण अफ्रीका (ग्रुप डी), वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान (ग्रुप सी), ऑस्ट्रेलिया (ग्रुप बी) और यूएसए (ग्रुप ए) हैं।
बांग्लादेश या नीदरलैंड ग्रुप डी से अगले दौर में पहुंचेंगे, स्कॉटलैंड और इंग्लैंड ग्रुप बी से सुपर 8 में जगह बनाएंगे और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट कटाएंगे।
श्रीलंका बाहर हो चुकी है। इस तरह कुल नौ टीमें सीधे क्वॉलिफाई करेंगी और तीन अन्य टीमें उनके साथ जुड़ेंगी। इन तीन टीमों का फैसला 30 जून को आईसीसी पुरुष टी-20 रैंकिंग के अनुसार होगा। जो टीमें इन 9 टीमों के अलावा टॉप 12 में होंगी। उनको सर्वोच्च रैंकिंग के आधार पर टी20 विश्व कप 2026 का टिकट मिलेगा।
पाकिस्तान टी20 रैंकिंग में 241 रेटिंग अंकों के साथ सातवें स्थान पर है, न्यूजीलैंड 247 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। ये दोनों टीमें 9 से 23वें पायदान तक की टीमों में सभी से आगे हैं।
इस तरह इनको रैंकिंग के आधार पर टी20 विश्व कप के लिए सीधे क्वॉलिफाई करने का मौका मिलेगा। इस समय बांग्लादेश (226 अंक) 9वें), आयरलैंड (195 अंक) 11वें, स्कॉटलैंड (192 अंक) 12वें, जिम्बाब्वे (192 अंक) 13वें और नामीबिया (189 अंक) 14वें स्थान पर है।
12 टीमों का फैसला 30 जून को हो जाएगा और बाकी 8 टीमें इस 20 टीमों वाले टूर्नामेंट में आईसीसी के रीजनल क्वॉलिफिकेशन राउंड से टूर्नामेंट के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। यूरोप, एशिया और अफ्रीका रीजनल क्वॉलिफायर्स से 2-2 टीमें और एक-एक टीम ईस्ट एशिया पैसिफिक और अमेरिकी रीजन से टूर्नामेंट में जगह बनाएंगीं।