Trending

अमेरिका में खेलने का भारतीय बल्लेबाजों ने भुगता खामियाजा

भारत बनाम कनाडा मैच के साथ भारत के टी20 वर्ल्ड कप लीग स्टेज का अंत हुआ। भारत लीग स्टेज के दौरान अजेय रही, कोई भी टीम उन्हें हराने में कामयाब नहीं रही।

साभार : गूगल

भारत के ग्रुप में कड़ी टीम पाकिस्तान थी जिसे उन्होंने 6 रन से हराया, आयरलैंड और यूएसए के खिलाफ भारत ने आसान सी जीत दर्ज की।

भारत को अमेरिका में खेलना रास नहीं आया, सबसे ज्यादा बेड़ागर्क बल्लेबाजों का हुआ। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि न्यूयॉर्क में खेले तीन मुकाबलों में एक भी भारतीय पूरे 100 रन नहीं बना पाया।

न्यूयॉर्क के मैदान पर भारत के हाइएस्ट स्कोरर ऋषभ पंत रहे जिन्होंने तीनों पारियों में मिलाकर कुल 96 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 42 रन का रहा। कप्तान रोहित शर्मा (68) और सूर्यकुमार यादव (59) ही तीनों पारियों में मिलाकर 50 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहे।

बात टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की करें तो इस सूची में कोई भारतीय बल्लेबाज टॉप-10 में नहीं है। इस लिस्ट में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज 167 रनों के साथ टॉप पर हैं। उनके अलावा कोई 150 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है।

बात भारत के बॉलिंग परफॉर्मेंस की करें तो, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह 7-7 विकेट के साथ टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे। ये दोनों ही टॉप-5 की सूची में नहीं है। हार्दिक 7वें तो अर्शदीप सिंह 8वें पायदान पर हैं। जसप्रीत बुमराह के खाते में 5 सफलताएं आईं है।

बात इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की करें तो, अफगानिस्तान के फजलहक फारूकी ने सर्वाधिक 12 विकेट झटके हैं। उनके अलावा टूर्नामेंट में कोई गेंदबाज 10 का आंकड़ा नहीं छू पाया है। टॉप-5 में उनके अलावा एनरिक नॉर्खिया (9), एडम जैंपा (9), अल्जारी जोसेफ (8) और अकील हुसैन (8) हैं।