Trending

शरत कमल, मनिका बत्रा यूटीटी 2024 में फ्रेंचाइजी टीमों द्वारा रिटेन शीर्ष भारतीय सितारों में शामिल

नई दिल्ली: अनुभवी खिलाड़ी अचंता शरत कमल और मनिका बत्रा उन पांच भारतीय पैडलरों में शामिल हैं जिन्हें अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) 2024 से पहले उनकी संबंधित फ्रैंचाइजी द्वारा रिटेन किया गया है। यूटीटी का आगामी सीजन 22 अगस्त से 7 सितंबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा।

यूटीटी का आगामी सीजन 22 अगस्त से 7 सितंबर तक चेन्नई में आयोजित किया जाएगा

पिछले सीजन की उपविजेता चेन्नई लायंस ने दिग्गज शरत कमल की सेवाएं बरकरार रखीं हैं जबकि बेंगलुरु स्मैशर्स ने सर्वोच्च रैंकिंग वाली भारतीय मनिका बत्रा के साथ खिताबी प्रयास जारी रखने का विकल्प चुना है। इस फ्रैंचाइजी ने आगामी सीजन के लिए अपने शीर्ष पैडलरों को साथ बनाए रखने को प्राथमिकता दी है।

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के तत्वावधान में नीरज बजाज और वीता दानी द्वारा प्रमोटेड यह फ्रैंचाइजी बेस्ड लीग 2017 में अपनी स्थापना के बाद से भारतीय टेबल टेनिस के लिए एक गेम-चेंजर रही है।

पहली बार यह आठ टीमों की लीग होगी, जो युवा भारतीय पैडलर्स को दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करेगी। इस महत्वपूर्ण विस्तार का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा के मानक को ऊपर उठाना और खेल के भीतर उभरती प्रतिभाओं के विकास को बढ़ावा देना है।

गत चैंपियन गोवा चैलेंजर्स ने हरमीत देसाई को अपने साथ बरकरार रखा है। हरमीत ने पिछले सीजन में गोवा चैलेंजर्स सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जबकि साथियान ज्ञानसेकरन दबंग दिल्ली टीटीसी के साथ बने रहेंगे। यू मुंबा टीटी ने भी प्रतिभाशाली युवा मानव ठक्कर के साथ अपने करार को एक और सीजन के लिए बढ़ा दिया है।

यूटीटी प्रमोटर्स नीरज बजाज और वीता दानी ने एक संयुक्त बयान में कहा, ” पिछले कुछ वर्षों में, फ्रैंचाइजीयों ने न केवल खिताब जीतने की कोशिश की है, बल्कि अपने स्टार खिलाड़ी के इर्द-गिर्द अपनी टीम का मूल निर्माण करने पर भी ध्यान केंद्रित किया है।

यूटीटी 2024 के लिए खिलाड़ियों को बनाए रखने में भी यही विचार प्रक्रिया दिखाई देती है, क्योंकि हम देखते हैं कि पांचों फ्रेंचाइजी एक और सीजन के लिए अपने स्टार खिलाड़ियों को बरकरार रखे हुए हैं।

लीग के नियमों के अनुसार, छह मौजूदा फ्रेंचाइजी को एक भारतीय खिलाड़ी को बनाए रखने की अनुमति थी। पुनेरी पल्टन टेबल टेनिस ने किसी भी खिलाड़ी को रिटेन नहीं करने का फैसला किया है।

इसी तरह दो नई टीमों-जयपुर पैट्रियट्स और अहमदाबाद एसजी पाइपर्स प्लेयर्स ड्राफ्ट के पहले दौर में अपनी पसंद के खिलाड़ी का चयन करेंगे। पहले दौर में केवल तीन चुने जा सकेंगे।

नए सीजन की उल्टी गिनती सभी आठ फ्रेंचाइजी द्वारा कोच ड्राफ्ट से एक विदेशी और एक भारतीय कोच चुनने के साथ शुरू हुई और अब वे छह खिलाड़ियों की टीम बनाने की कोशिश करेंगे, जिसमें चार भारतीय और दो विदेशी (एक पुरुष और एक महिला) शामिल होंगे।

नए सीजन में दो और टीमों को शामिल करने के कारण टूर्नामेंट के प्रारूप में भी बदलाव देखने को मिलेगा। आठ टीमों को अब चार-चार टीमों के दो ग्रुप्स में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक फ्रैंचाइजी लीग चरण के दौरान पांच मुकाबले खेलेगी, जिसमें वे अपने-अपने ग्रुप की अन्य तीन टीमों और दूसरे ग्रुप से रैंडम रूप से चुनी गई दो टीमों का सामना एक बार करेंगे।

इसके बाद प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।

रिटेन किए गए खिलाड़ी:
चेन्नई लायंस: अचंत शरत कमल
दबंग दिल्ली टीटीसी: साथियान ज्ञानसेकरन
गोवा चैलेंजर्स: हरमीत देसाई
पीबीजी बेंगलुरु स्मैशर्स: मनिका बत्रा
यू मुंबई टीटी: मानव ठक्कर

(पुनेरी पल्टन टेबल टेनिस, जयपुर पैट्रियट्स और अहमदाबाद एसजी पाइपर्स खिलाड़ी ड्राफ्ट के पहले दौर में अपनी पसंद के खिलाड़ी का चयन करेंगे। पहले दौर में केवल तीन खिलाड़ी चुने जा सकेंगे)