टी-20 विश्व कप : जीत के साथ न्यूजीलैंड के अभियान का समापन
टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने पापुआ न्यू गिनी को 7 विकेट से हराते हुए अभियान का समापन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पापुआ न्यू गिनी के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम 78 रन पर सिमट गई।

जवाब में न्यूजीलैंड ने 13वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। पापुआ न्यू गिनी के दोनों बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच चार्ल्स अमिनी ने 17 रन बनाए।
न्यूजीलैंड से लॉकी फर्ग्यूसन ने 3 विकेट लिए। ट्रेंट बोल्ट, टिम साउथी और ईश सोढ़ी ने 2-2 विकेट लिए और विपक्षी टीम 19.4 ओवर में ढेर हुई। जवाब में छोटे से लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने डेवोन कॉनवे (35) की बदौलत हासिल किया।
पापुआ न्यू गिनी की पारी का 5वां ओवर करने आए फर्ग्यूसन ने असद वाला (6) के रूप में अपना पहला शिकार बनाया। दूसरा ओवर भी इस तेज गेंदबाज ने मेडन किया। दूसरे स्पैल के दौरान उन्होंने चार्ल्स अमिनी (17) को चलता किया।

चौथे ओवर में उन्होंने चाड सोपर (1) का विकेट झटका। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कनाडा के साद जफर के बाद सभी 4 ओवर मेडन करने वाले दूसरे गेंदबाज बने।
सबसे बेहतर इकॉनमी रेट का रिकॉर्ड साउथी के नाम पर दर्ज था, जिन्होंने युगांडा के खिलाफ 4 रन देते हुए 3 विकेट झटके थे। तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन युगांडा के फ्रेंको न्सुबुगा के नाम है, जिन्होंने पापुआ न्यू गिनी के विरुद्ध ही 4 रन देते हुए 2 विकेट झटके थे।
बोल्ट ने 14 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने 4 मैचों में 6.55 की औसत और 3.68 की इकॉनमी रेट से 9 विकेट लिए। टी-20 विश्व कप में उन्होंने 18 मैच खेले, जिसमें 12.50 की औसत और 5.93 की इकॉनमी रेट के साथ 34 विकेट अपने नाम किए।