Trending

टी-20 विश्व कप : वेस्टइंडीज की जीत में चमके निकोलस पूरन

टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान को 104 रन से हराया। कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर के बाद 218/5 का स्कोर बनाया। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानी टीम 16.2 ओवर में 114 रन पर ही सिमट गई।

ब्रेंडन किंग (7) के जल्दी आउट होने के बाद जॉनसन चार्ल्स (43) और निकोलस पूरन (98) ने उम्दा पारी खेली। शाई होप (25) और रोवमैन पॉवेल (26) ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

@AFP/Getty Images

जवाब में रहमानुल्लाह गुरबाज (0) और नईब (7) जल्दी पवेलियन लौट गए। खराब शुरुआत के बाद भी अफगान टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। इब्राहीम जादरान ने 23 रन बनाए। वेस्टइंडीज से ओबेद मैककॉय ने 3 विकेट लिए।

पूरन ने 53 गेंदों पर 6 चौकों और 8 छक्कों से 98 रन की पारी खेली। वह पारी के आखिरी ओवर में रन आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 2,000 टी-20 रन पूरे किए। उन्होंने 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 26.47 की औसत और 135.85 की स्ट्राइक रेट से 2,012 रन बना लिए हैं।

@ICC/Getty Images

इस बीच उन्होंने 12 अर्धशतक लगाए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ 98* रन अब उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। पूरन क्रिस गेल (124) को पीछे छोड़ते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बन गए। उनके नाम अब 128 छक्के हैं।

पूरन 500 टी-20 छक्के पूरे करने वाले छठे बल्लेबाज भी बन गए। वह गेल (1,056), कीरोन पोलार्ड (860), आंद्रे रसेल (686), कॉलिन मुनरो (548) और रोहित शर्मा (514) की सूची में शामिल हुए। पूरन ने टी-20 विश्व कप की एक पारी में तीसरे सबसे ज्यादा छक्के (8) लगाए।

पूरन और चार्ल्स की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में 92/1 का स्कोर बना लिया था। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

इससे पहले ये रिकॉर्ड आयरलैंड (91/1 बनाम नीदरलैंड, 2014) के नाम पर दर्ज था। कुल मिलाकर यह टी-20 इतिहास का चौथा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज के लिए दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर भी है।

पूरन ने 5वें ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई को 3 छक्के और 2 चौके लगाए। इस अफगानी ऑलराउंडर ने 10 अतिरिक्त रन भी दिए।

उन्होंने अपने एक ओवर में 36 रन खर्च किए, जो टी-20 विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर है। वह स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ इस अनचाही सूची में शामिल हो गए। बता दें कि 2007 के संस्करण में युवराज सिंह ने ब्रॉड पर लगातार 6 छक्के लगाए थे।

मैककॉय ने अपने 4 ओवर में 14 रन देते हुए 3 विकेट लिए। यह टी-20 विश्व कप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब 19.91 की औसत से 49 विकेट हो गए हैं।