Trending

ग्रीन अर्थ शतरंज: विशाल भारती ने जीता खिताब, उज्जवल जूनियर वर्ग में चैंपियन

लखनऊ। आज़मगढ़ के अंग्रेजी शिक्षक विशाल भारती ने ग्रीन अर्थ शतरंज टूर्नामेंट में बेहतर एंडगेम तकनीक की बदौलत सर्वाधिक 6.5 अंक के साथ विजेता ट्रॉफी जीत ली। वहीं उज्जवल राज श्रीवास्तव ने जूनियर वर्ग का खिताब 6 अंक के साथ जीत लिया।

ग्रीन अर्थ शतरंज टूर्नामेंट के विजेताओं के साथ मुख्य अतिथि सामाजसेवी मोहम्मद उर्फी अब्बासी।

संयुक्त राष्ट्र के #GenerationRestoration अभियान के तहत पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में सभी खिलाड़ियों को पवित्र तुलसी का पौधा भी उपहार स्वरुप दिया गया। चरंस प्लाजा में आयोजित सात राउंड के इस टूर्नामेंट के बाद विशाल भारती अव्वल रहे। उनसे एक अंक से पिछड़े चिन्मय वाजपेयी 5.5 अंकों के साथ उपविजेता रहे।

जूनियर वर्ग के चैंपियन आठवीं कक्षा के छात्र उज्जवल एस्पिना बिफिडा नाम की रीढ़ की हड्डी की बीमारी के चलते लकवाग्रस्त हो गए है। हालांकि 2012 में ही एम्स दिल्ली में उनकी सर्जरी हुई जिसके चलते वो अब अपने हाथों और उंगलियों को हिला सकते हैं।

जूनियर चैंपियन उज्जवल राज श्रीवास्तव अपनी मां अनामिका के साथ।

पुरस्कार वितरण के समय उज्जवल को उनकी माता अनामिका व पिता रजनीश स्टेज पर लेकर आए। अपने स्कूल के खेल शिक्षक अमित श्रीवास्तव से शतरंज की बारीकियां सीखने वाले उज्जवल के बारे में उनके माता-पिता कहते हैं कि उज्ज्वल के भीतर शतरंज के लिए जुनून है जिसके लिए वह कड़ी मेहनत करता है। अगर वह ऐसा कर सकता है, तो कोई भी बच्चा कर सकता है।

दूसरी ओर वेटरन के 60 वर्ष से अधिक वर्ग में अनुभवी केके खरे व सईद अहमद 4-4 अंक के साथ क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहे। उनके बाद राजिंदर महाना और मोहम्मद इरफान 3 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे। इस वर्ग में कमलेश कुमार केशरवानी को 2.5 अंक मिले।

विजेता विशाल भारती (आज़मगढ़ के अंग्रेजी शिक्षक)-दाएं।

महिला वर्ग में ह्रोथबर्टिना हिल्टन विजेता रही। उनके बाद रेखा गौर और विंकी दीक्षित दूसरे व तीसरे स्थान पर रही। टॉप-3 सर्वश्रेष्ठ अनरेटेड खिलाड़ी नीरज चौरसिया (4.5 अंक), आरव गर्ग और संजीव कुमार (4 अंक) रहे।

बेस्ट फैमिली प्राइज (सीसीबीडब्ल्यू द्वारा शुरुआत) लखीमपुर के मिश्रा परिवार को मिला जिसमें सीपी मिश्रा और उनके बच्चे यश और यशस्वी है। उनके पीछे आशीष कुमार और उनके बेटे इशित और ईशान थे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी मोहम्मद उर्फी अब्बासी ने पुरस्कार वितरित किए।

शीर्ष परिणाम

प्रथम : विशाल भारती (आजमगढ़) 6.5 अंक, द्वितीय : चिन्मय वाजपेई 5.5 अंक, तृतीय से छठां : सौरभ यादव, संजय कुमार बाजपेयी, सीपी मिश्रा (लखीमपुर), प्रेम सिंह मेहता प्रत्येक 5 अंक
अंडर-10:- प्रथम : सुयश शुक्ला (लखीमपुर) 5.5 अंक, द्वितीय : यश प्रकाश मिश्रा (लखीमपुर) 5 अंक, तृतीय : वर्धन गुप्ता (लखीमपुर) 4.5 अंक
अंडर-13 :- प्रथम से तृतीय : आयुष गोस्वामी, ईशान कुमार, सक्षम श्रीवास्तव, प्रत्येक 5 अंक
अंडर-16 :- प्रथम : आरिज हुसैन 5 अंक, द्वितीय : वी.सिंह चौहान 4 अंक