शुभंकर शर्मा व गगनजीत भुल्लर को मिला पेरिस ओलंपिक का टिकट
पेरिस ओलंपिक के लिए पुरुष गोल्फर शुभंकर शर्मा और हमवतन गगनजीत भुल्लर ने क्वालीफाई कर लिया है। अगस्त में फ्रांस की राजधानी सेंट-क्वेंटिन-एन-यवेलिन्स में मुकाबले होने हैं।

शुभंकर की विश्व गोल्फ रैंकिंग 222 है। उनके साथ गगनजीत भुल्लर भी होंगे जिन्होंने 54वीं ओलंपिक रैंक के साथ क्वालीफाई किया था और जो ओलंपिक डेब्यू भी करेंगे। अदिति अशोक और दीक्षा डागर महिला टूर्नामेंट में भारत की अगुवाई करेंगी।
ओलंपिक में जाने पर शुभंकर शर्मा ने कहा कि ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना सौभाग्य और सम्मान की बात है। जाहिर तौर पर यह एक सपने के सच होने जैसा है।
मैं पिछले कुछ समय से इस दिन की तैयारी कर रहा हूं और उसी के अनुसार यूरोपीय दौरे के लिए अपने कार्यक्रम की योजना बना रहा हूं। हमारे पास गगनजीत, अदिति, दीक्षा और मेरी एक अच्छी और अनुभवी टीम है। हमारे पीछे गहराई और अनुभव है। इस समय सभी अपने-अपने दौरों पर भी ठोस गोल्फ खेल रहे हैं और यह अच्छा संकेत है।
ओलंपिक सप्ताह हमारे अनुकूल रहा तो पुरुष और महिला दोनों टीमों के लिए कोई भी पदक संभव है। निजी तौर पर कहूं तो मेरा खेल सही दिशा में जा रहा है और मैं अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं।