Trending

स्मृति मंधाना का शानदार फॉर्म जारी, जड़ा लगातार दूसरा शतक

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय महिला बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने दूसरे वनडे में लगातार दूसरा शतक जड़ा है। सीरीज के पहले मैच में 117 रन की शतकीय पारी के बाद मंधाना ने शानदार फॉर्म जारी रखा।

मैच की शुरुआत में मंधाना काफी सतर्क थी। पहले पावरप्ले के दौरान दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने उन्हें शांत रखा। भारत ने शेफाली वर्मा को जल्दी खो दिया, जिससे मंधाना को पारी की कमान संभालनी पड़ी। उन्होंने अपनी पारी को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया।

@BCCI

एक समय ऐसा था, जब उन्होंने 40 गेंदों पर 19 रन बनाए थे। यहां के बाद उन्होंने अपना अंदाज बदला और विरोधी गेंदबाजों पर हावी हो गईं। टीम ने इस दौरान विकेट भी गंवाए।

एक छोर से टिककर बल्लेबाजी कर रही मंधाना ने 103 गेंदों में अपनी पारी को शतक में बदला। मंधाना की पारी में 18 चौके और दो छक्के थे। वह 120 गेंदों पर 136 रन बनाकर आउट हुई।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (103) ने एक शानदार पारी खेली और मंधाना के साथ मिलकर 171 रन की साझेदारी की। मंधाना का साथ देते हुए हरमनप्रीत ने 87 गेंदों पर शतक जड़ा। दोनों की साझेदारी ने गति बनाए रखने और दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बनाने में अहम भूमिका निभाई।

मंधाना भारतीय महिला टीम की ओर से संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान मिताली राज की बराबरी की है।

बता दें कि मिताली ने 232 वनडे में 7 शतक से 7,805 रन बनाए थे। इनके बाद हरमनप्रीत ने 6 शतक लगाए हैं। भारत ने मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर के शतक से 50 ओवर में 3 विकेट पर 325 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।