टी-20 विश्व कप : दक्षिण अफ्रीका की जीत में क्विंटन डिकॉक का अर्धशतक
टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका टीम ने अमेरिका टीम को 18 रन से हराते हुए सुपर-8 में पहली जीत दर्ज की। इस मैच में प्रोटियाज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 194/4 का स्कोर बनाया। जवाब में अमेरिकी टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 176/6 का स्कोर ही बना सकी।

दक्षिण अफ्रीका से क्विंटन डिकॉक ने अर्धशतक (74) लगाया और कप्तान एडेन मार्करम ने 46 रन की पारी खेली। हेनरिक क्लासेन ने 22 गेंदों में नाबाद 36 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 16 गेंदों में नाबाद 20 रन की पारी खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में अमेरिका ने पॉवरप्ले में 56/2 का स्कोर बनाया। एंड्रीस गौस ने अर्धशतक (80) लगाकर संघर्ष किया, जीत नहीं दिला सके। पारी की शुरुआत करने आए डिकॉक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। पारी का चौथा ओवर करने आए जसमीत सिंह को डिकॉक ने आड़े हाथों लिया।
इस बल्लेबाज ने जसमीत के ओवर में लगातार 3 छक्के लगाते हुए अच्छी फॉर्म के संकेत दिए। उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 40 गेंदों में 74 रन की पारी खेलकर आउट हुए। यह उनके टी-20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर बन गया है।

डिकॉक ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कुल 16 स्कोर 50 से अधिक रन के किए हैं। वह इस फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका से सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में रीजा हेंड्रिक्स को पीछे छोड़ा है। बता दें कि हेंड्रिक्स ने 87 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 15 अर्धशतक लगाए हुए हैं।
फाफ डु प्लेसिस 11 स्कोर के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। डिकॉक और मार्करम के बीच 110 रन की साझेदारी हुई। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। यह प्रोटियाज टीम से चौथी शतकीय साझेदारी भी है।
अमेरिका से पारी की शुरुआत करने आए एंड्रीस गौस ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक 33 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने हरमीत सिंह ने साथ 43 गेंदों पर 91 रन की साझेदारी करते हुए टीम का संघर्ष जारी रखा।
दूसरे छोर से अच्छा साथ निभा रहे हरमीत 22 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुए। अंत तक बल्लेबाजी कर रहे गौस 47 गेंदों पर 80 रन बनाकर नाबाद रहे। कगिसो रबाडा ने अपने 4 ओवर में 18 रन देते हुए 3 विकेट लिए। केशव महाराज, एनरिक नोर्खिया और तबरेज शम्सी ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।