Trending

टी-20 विश्व कप : क्विंटन डिकॉक का अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका की छठी जीत

टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया। इस विश्व कप में एडेन मार्करम के टीम की यह लगातार छठी जीत है। सुपर-8 में इंग्लैंड की यह पहली हार है। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 163/6 का स्कोर बनाया था।

@ICC/Getty Images

जवाब में इंग्लैंड 20 ओवर में 156/6 का स्कोर ही बना पाई। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। क्विंटन डिकॉक (65) और रीजा हेंड्रिक्स (19) ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़ दिए।

डेविड मिलर (43) ने अच्छी पारी खेली और टीम का स्कोर 163 रन तक ले गए। जवाब में इंग्लैंड के लिए लियाम लिविंगस्टोन (33) और हैरी ब्रूक (53) ने शानदार पारी तो खेली, जीत नहीं दिला पाए।

केशव महाराज और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट लिए। ब्रूक ने 37 गेंद का सामना किया और 53 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उनके बल्ले से 7 चौके निकले। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक और टी-20 विश्व कप के इतिहास में उनका पहला अर्धशतक रहा।

डिकॉक ने 38 गेंद का सामना किया और 65 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 171.05 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 16वां और इस विश्व कप में दूसरा अर्धशतक रहा।

वह टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। डिकॉक ने 6 मुकाबले खेले हैं और 31.16 की औसत से 187 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। डिकॉक ने अपनी पारी के दौरान 4 छक्के लगाए। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं।

उनके क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अब 102 छक्के हो गए हैं। पहले स्थान पर 124 छक्कों के साथ बटलर हैं। तीसरे स्थान पर निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने 62 पारियों में 99 छक्के लगाए हैं। रहमानुल्लाह गुरबाज 81 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं।

डिकॉक टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।उन्होंने श्रीलंका टीम के पूर्व दिग्गज कुमार संगाकारा की बराबरी कर ली है। दोनों ने टी-20 विश्व कप में 4-4 बार 50+ का स्कोर बनाया है।

पहले स्थान पर पाकिस्तान टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और इंग्लैंड के बटलर हैं। दोनों ने 5-5 बार यह कारनामा किया है। डिकॉक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा अर्धशतक (16) लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

उन्होंने हेंड्रिक्स को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 15 अर्धशतक लगाए हैं। 11 अर्धशतक के साथ जेपी डुमिनी तीसरे स्थान पर हैं। डिकॉक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2,500 रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के पहले बल्लेबाज भी बने हैं।

वह दक्षिण अफ्रीका के लिए 100 से ज्यादा छक्के (102) लगाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। पहले स्थान पर मिलर (114) हैं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और 40 रन देकर 3 विकेट झटके।

शुरुआती ओवरों में आर्चर थोड़े महंगे रहे। बाद में उन्होंने जोरदार वापसी की। इस खिलाड़ी ने डिकॉक (65), मिलर (43) और मार्को जानसन (0) को अपना शिकार बनाया। उनके अलावा आदिल राशिद और मोईन अली को मुकाबले में 1-1 सफलता मिली।