Trending

विश्व कप : भारतीय महिला कम्पाउंड तीरंदाजी ने जीते तिहरे स्वर्ण, प्रियांश को रजत

भारतीय तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर की कम्पाउंड महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरे चरण में एस्टोनिया पर जीत से विश्व कप में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगायी, प्रियांश को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

भारतीय पुरुष कम्पाउंड तीरंदाज प्रियांश पुरुषों के फाइनल में दुनिया के पहले नंबर के माइक श्लोसेर से हार गये। शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय महिलाओं की तिकड़ी ने एकतरफा फाइनल में एस्टोनिया की लिसेल जाटमा, मीरी मैरिटा पास और मैरिस टेट्समैन को 232-229 से हराया।

साभार : गूगल

भारतीय महिला कम्पाउंड टीम ने अप्रैल में शंघाई और और मई में येचियोन में क्रमशः विश्व कप के पहले चरण और दूसरे चरण के स्वर्ण पदक जीते थे।

कम्पाउंड तीरंदाज प्रियांश नीदरलैंड के श्लोसेर को इस सत्र में दूसरी दफा हराने में विफल रहे जिससे उन्हें उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा। वह शानदार प्रदर्शन से फाइनल में पहुंचे जिसमें पहले सेट में उन्होंने एक अंक गंवाया, इसके बाद वापसी नहीं कर सके और श्लोसेर ने 149-148 से जीत हासिल की।

सेमीफाइनल में प्रियांश ने दुनिया के दूसरे नंबर के तीरंदाज माथियास फुलरटन को एक अंक से हराकर पिछले विश्व कप में मिली हार का बदला चुकता किया। विश्व कप के दूसरे चरण में डेनमार्क के तीरंदाज ने शूटऑफ में प्रियांश को हराकर बाहर किया था।

प्रियांश के लिए यह दूसरा विश्व कप रजत पदक है। इस साल अप्रैल में सत्र के शुरूआती विश्व कप में प्रियांश फाइनल में आस्ट्रिया के निको विएनर से 147-150 से हारकर दूसरे स्थान पर रहे थे। भारत रविवार को रिकर्व फाइनल में तीन पदक जीतने का लक्ष्य बनाये होगा।

रिकर्व वर्ग में अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा दो पदकों की दौड़ में हैं, दोनों व्यक्तिगत सेमीफाइनल में आ गए हैं। धीरज और भजन कौर की मिश्रित टीम भी कांस्य पदक के प्लेऑफ में मेक्सिको के प्रतिद्वंद्वी जोड़ी से भिड़ेगी।