टी-20 विश्व कप : हार्दिक पांड्या के अर्धशतक से टीम इंडिया की पांचवीं जीत
टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम ने बांग्लादेश टीम को 50 रन से हराया। टीम ने इस विश्व कप में लगातार 5वीं जीत दर्ज की है। 1 मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। बांग्लादेश सुपर-8 में लगातार दूसरा मुकाबला हारी है। पहले मैच में उन्हें ऑस्ट्रेलिया टीम ने हराया था।
दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। इस जीत से भारत के ग्रुप एक में दो मैच में दो जीत से चार अंक हो गए हैं और टीम शीर्ष पर है।

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। उसका यह फैसला गलत साबित हुआ और पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 196 रन बना दिए। हार्दिक पांड्या (50) ने भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। शिवम दुबे (34), ऋषभ पंत (36) और विराट कोहली (37) ने अच्छी पारियां खेली।
जवाब में बांग्लादेश 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन ही बना पाई। हार्दिक ने 27 गेंद का सामना किया और नाबाद 50 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 185.19 की रही।
इस खिलाड़ी ने शिवम के साथ 34 गेंद में 53 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर पटेल के साथ 17 गेंद में 35* रन जोड़े। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी का यह दूसरा और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका चौथा अर्धशतक रहा।
हार्दिक नंबर-5 या उसके नीचे बल्लेबाजी करते हुए टी-20 विश्व कप में 13 छक्के लगा चुके हैं। वह इन नंबरों पर संयुक्त रूप से भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। हार्दिक ने युवराज सिंह की बराबरी की है। उनके भी 13 छक्के थे। महेंद्र सिंह धोनी ने 12 छक्के लगाए थे।
हार्दिक ने अर्धशतक के साथ 1 विकेट भी लिया। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा दूसरी बार किया है। शाकिब अल हसन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने जैसे ही रोहित को आउट किया, वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में 50 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए।
उनके अलावा कोई भी गेंदबाज 40 विकेट भी नहीं ले पाया है। शाकिब के बाद टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट पाकिस्तान टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शाहिद अफरीदी के नाम है। उन्होंने 34 मैच खेले थे और 23.25 की औसत से 39 विकेट लिए थे।
कोहली के टी-20 और वनडे विश्व कप को मिलाकर 3,000 से ज्यादा रन हो गए हैं। वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने दोनों विश्व कप को मिलाकर 3,000 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर रोहित हैं, जिनके बल्ले से 2,637 रन निकले हैं।
ऑस्ट्रेलिया टीम के दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर एकमात्र अन्य बल्लेबाज हैं, जिनके बल्ले से दोनों विश्व कप को मिलाकर 2,500 से ज्यादा रन (2,502) निकले हैं। कुलदीप यादव ने मैच में शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 19 रन खर्च करते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4.80 की रही। कुलदीप ने तंजीद हसन (29), तौहीद हृदोय (4) और शाकिब (11) को अपना शिकार बनाया। जसप्रीत बुमराह ने 13 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किया। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 सफलता हासिल की।