Trending

टी-20 विश्वकप : सुपर 8 में अफगानिस्तान ने सबको चौंकाया, ऑस्ट्रेलिया को 21 रन से दी शिकस्त

अफगानिस्तान ने टी 20 विश्वकप में बड़ा उलटफेर करते हुए सुपर8 के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 21 रन से हराया। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जारदान की शतकीय ओपनिंग साझेदारी से 20 ओवर 148/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने के बाद अफगानिस्तान ने सधी हुई गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को 19.2 ओवर में 127 रन पर समेट कर मैच जीता।

@Getty Images

गुलबदीन नायब ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट झटके। नवीन-उल-हक ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया से ग्लेन मैक्सवेल (59) को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। मैक्सवेल ने 41 गेंदों की अपनी पारी में तीन छक्के और छह चौके लगाये।

टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने के बाद 149 रन के आसान से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। उसने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर शून्य के स्कोर पर ट्रेविस हेड के रूप में पहला विकेट गंवा दिया। नवीन-उल-हक की गेंद उनका मिडिल स्टंप ले उड़ी।

@ICC/Getty Images

हक ने तीसरे ओवर में मिशेल मार्श (12) को धीमी गेंद पर मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराया। उस समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 16 रन था। छठे ओवर की पहली गेंद पर डेविड वॉर्नर मोहम्मद नबी का शिकार बने।

मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस (11) के बीच 39 रन की साझेदारी हुई। नायब ने 11वें ओवर में 71 के स्कोर पर स्टोइनिस को पवेलियन भेजा।

@ICC/Getty Images

कोई बल्लेबाज मैक्सवेल का साथ नहीं दे सका। 106 के स्कोर पर नायब ने मैक्सवेल को नूर अहमद के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया की रही सही उम्मीद भी समाप्त कर दी। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने आठ गेंदबाजों का इस्तेमाल किया।

@ICC/Getty Images