स्मृति मंधाना की बेहतरीन पारी, भारत ने तीसरे वनडे के साथ सीरीज भी की अपने नाम
भारतीय महिला टीम ने तीसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम को 6 विकेट से हराते हुए सीरीज को 3-0 से जीता। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 215 रन बनाए। जवाब में भारत ने स्मृति मंधाना की 90 रन की पारी से लक्ष्य हासिल किया।

लौरा वोल्वार्ड्ट (61) और तजमिन ब्रिट्स (38) की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 102 रन जोड़े। इस जोड़ी के पवेलियन लौटने के बाद टीम के मध्यक्रम ने निराश किया और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। निचले क्रम में मीके डे रिडर ने 26 रन की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
जवाब में मंधाना और शेफाली वर्मा (25) ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। बचा हुआ काम हरमनप्रीत कौर (42) ने पूरा किया। जीत के लिए मिले 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मंधाना ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
इस बल्लेबाज ने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। उन्होंने 49 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रिया पूनिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन भी जोड़े। वह 83 गेंदों पर 11 चौकों से 90 रन की पारी खेलकर आउट हुई।
मंधाना भारतीय महिला टीम से 3,500 रन पूरे करने वाली सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बनी हैं। उनके अब 85 मैचों में 45.37 की औसत और 85.07 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,585 रन हैं। उनसे पहले मिताली राज (7,805) और हरमनप्रीत कौर ऐसा कर चुकी हैं।
उन्होंने रनों के मामले में हरमनप्रीत को पीछे छोड़ा है। वनडे प्रारूप में उनसे ज्यादा रन सिर्फ मिताली ने बनाए हैं। मौजूदा सीरीज में मंधाना ने पहले वनडे में 117 रन और दूसरा वनडे में 136 रन बनाए थे।
मंधाना ने 3 पारियों में 114.3 की औसत के साथ कुल 343 रन बनाए। वह 3 मैचों की किसी वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की वोल्वार्ड्ट का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 335 रन बनाए थे।
दक्षिण अफ्रीका से पारी की शुरुआत करने आई वोल्वार्ड्ट ने 57 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके लगाए।
यह उनके वनडे करियर का 32वां अर्धशतक रहा। उनके अब 98 मैचों में लगभग 50 की औसत और 72.11 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,148 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 7 शतक भी लगा चुकी हैं। उनका इस प्रारूप में सर्वोच्च स्कोर नाबाद 184 रन रहा है।