टी-20 विश्व कप : जोस बटलर की जोरदार पारी, इंग्लैंड 10 विकेट की जीत से सेमीफाइनल में
टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड टीम ने अमेरिका टीम को 10 विकेट से हराते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मैच में अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 115 रन बनाए। जवाब में इंग्लिश टीम ने जोस बटलर (83) की पारी से 10वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

अमेरिका से स्टीवन टेलर (12) और एंड्रीस गौस (8) के सस्ते में आउट होने के बाद नितीश कुमार ने 30 रन बनाए। कोरे एंडरसन ने 29 रन की पारी खेली। इंग्लैंड से क्रिस जॉर्डन ने हेट्रिक लेते हुए विपक्षी टीम को 18.5 ओवर में समेट दिया।
जवाब में इंग्लैंड ने बटलर और फिल सॉल्ट (25) से पावरप्ले के बाद 60/0 का स्कोर बनाया। इंग्लिश टीम ने आसान जीत दर्ज की। जॉर्डन ने अपने शुरुआती 2 ओवर में कोई विकेट नहीं लिया था। उन्होंने अपनी तीसरे और अमेरिका की पारी के 19वें ओवर में चारों विकेट लिए।

इस तेज गेंदबाज ने अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर कोरे एंडरसन (29) का विकेट लिया। उसी ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर उन्होंने क्रमशः अली खान (0), नोस्तुश केंजीगे (0) और सौरभ नेत्रवलकर (0) के विकेट झटके। जॉर्डन इंग्लैंड से हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
जॉर्डन से पहले ब्रेट ली (2007, बनाम बांग्लादेश), कर्टिस कैम्फर (2021, बनाम नीदरलैंड), वनिंदु हसरंगा (2021, बनाम दक्षिण अफ्रीका), कगिसो रबाडा (2021, बनाम इंग्लैंड), कार्तिक मयप्पन (2022, बनाम UAE), जोशुआ लिटिल (2022, बनाम न्यूजीलैंड) और पैट कमिंस (2024, बनाम बांग्लादेश और अफगानिस्तान) टी-20 विश्व कप में हैट्रिक अपने नाम कर चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के कमिंस इस टूर्नामेंट में लगातार 2 हैट्रिक लेने का कारनामा कर चुके हैं। बटलर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 24वां अर्धशतक रहा।
जोरदार लय में दिखे बटलर ने विपक्षी स्पिनर हरमीत सिंह के ओवर में 5 छक्के भी लगाए। उन्होंने हर विपक्षी गेंदबाजों की ठीक-ठाक पिटाई की। वह 38 गेंदों पर 83 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 7 छक्के लगाए।
आदिल राशिद के टी-20 विश्व कप में 29 मैचों में 23.63 की औसत के साथ 30 विकेट हो गए हैं। वह इंग्लैंड से इस टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड की बराबरी की है, जिन्होंने 22.36 की औसत से 30 विकेट लिए थे। सैम कर्रन ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 50 विकेट पूरे किये हैं। उनके अब 24.49 की औसत से 51 विकेट हो गए हैं।