जिम्बाब्वे दौरे पर शुभमन गिल की कप्तानी में खेलेगी टीम इंडिया
रियान पराग, अभिषेक शर्मा और नीतिश रेड्डी को आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन से जिम्बाब्वे दौरे के लिये पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है, शुभमन गिल टीम के कप्तान होंगे।

टी20 विश्व कप खेल रहे कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव, रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह को आराम मिला है। जिम्बाब्वे दौरा छह जुलाई से शुरू होगा जिसमें पांच टी20 होंगे।
पराग, अभिषेक और रेड्डी के अलावा तुषार देशपांडे, हर्षित राणा, आवेश खान और रिंकू सिंह को आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के कारण टीम में जगह मिली है।
टीम इंडिया में पहली बार पराग, अभिषेक, रेड्डी को मिली जगह
टी20 विश्व कप में शामिल संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल को 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। गिल और आवेश टी20 विश्व कप में रिजर्व खिलाड़ियों में थे जिन्हें ग्रुप चरण के मैचों के बाद रिलीज किया गया था।
नये खिलाड़ियों में अभिषेक और पराग ने आईपीएल के इस सत्र में बेहतरीन बल्लेबाजी की। अभिषेक ने आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिये खेलते हुए 484 रन बनाये, राजस्थान रॉयल्स के पराग ने 573 रन जोड़े।
भारतीय टीम : शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रूतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, नीतिश रेड्डी, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, खलील अहमद, मुकेश कुमार, तुषार देशपांडे