Trending

टी-20 विश्व कप : जीत के साथ भारत सेमीफाइनल मे, ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराया

कप्तान रोहित शर्मा के अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन से भारत ने टी-20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के ग्रुप एक मैच में ऑस्ट्रेलिया को 24 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया पूरे ओवर खेलने के बाद 7 विकेट पर 181 रन ही बना सकी।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए हेड ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान मार्श के साथ मिलकर 81 रन की साझेदारी की।

इसके बाद उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल (20) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। संघर्षपूर्ण पारी खेल रहे हेड 43 गेंदों पर 76 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए। भारत की इस जीत से ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल का सपना टूटा गया है।

@BCCI

भारत से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट झटके। उन्होंने अपने 4 ओवर में 37 रन देते हुए वार्नर, टिम डेविड और मैथ्यू वेड के विकेट चटकाए। कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की। इस चाइनामैन गेंदबाज ने 24 रन देते हुए 2 विकेट झटके। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल और मार्श के विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने 1 सफलता हासिल की। अक्षर पटेल ने भी 1 विकेट झटका।

@ICC/Getty Images

इससे पहले रोहित ने 41 गेंद में सात चौकों और आठ छक्कों से 92 रन की पारी खेली। उन्होंने ऋषभ पंत (15) के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 87 रन की साझेदारी करके भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। सूर्यकुमार यादव (31), शिवम दुबे (28) और हार्दिक पंड्या (नाबाद 27) ने उपयोगी पारियां खेली।

ऑस्ट्रेलिया से तेज गेंदबाजों मिशेल स्टार्क और मार्कस स्टोइनिस ने दो-दो विकेट झटके, दोनों काफी महंगे रहे। स्टार्क ने 45, स्टोइनिस ने 56 रन लुटाए। जोश हेजलवुड ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 14 रन देकर एक विकेट झटका। पैट कमिंस ने चार ओवर में 48 रन खर्च किए, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

मिशेल मार्श ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद टीम ने दूसरे ओवर में ही विराट का विकेट गंवा दिया जो खाता खोले बिना हेजलवुड की गेंद पर टिम डेविड को कैच दे बैठे। कप्तान रोहित ने स्टार्क के पहले ओवर में चौके से खाता खोला और उनके अगले ओवर में चार छक्के और एक चौके से 29 रन बटोरे।

रोहित ने कमिंस का स्वागत छक्के के साथ किया जिसके बाद बारिश के कारण कुछ देर खेल रुका रहा। मैच दोबारा शुरू होने पर रोहित ने कमिंस पर दो चौके और एक रन के साथ 19 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 60 रन बनाए। पंत और रोहित ने स्पिनर एडम जम्पा का स्वागत छक्कों के साथ किया।

रोहित ने आठवें ओवर में स्टोइनिस की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे, पंत ने इसी ओवर में हेजलवुड को कैच थमा दिया। सूर्यकुमार ने जम्पा पर चौक के साथ नौवें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया और कमिंस की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा।

स्टार्क ने गेंदबाजी में वापसी करते हुए रोहित को यॉर्कर पर बोल्ड किया। दुबे ने जम्पा पर छक्के के साथ शुरुआत की, सूर्यकुमार ने स्टोइनिस की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।

सूर्यकुमार स्टार्क की ऑफ साइड से काफी बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर मैथ्यू वेड को कैच दे बैठे। उन्होंने 16 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के मारे।

पंड्या चार रन पर भाग्यशाली रहे जब जम्पा की गेंद पर मार्श ने बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका बेहद आसान कैच टपका दिया। पंड्या ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए स्टोइनिस पर लगातार दो छक्के मारे, दुबे ने बाउंड्री पर वार्नर को कैच थमा दिया। रविंद्र जडेजा ने अंतिम ओवर में कमिंस पर छक्के के साथ टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।