अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट पर डेविड वार्नर की मुहर
ऑस्ट्रेलिया टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई, टीम को सुपर 8 के पहले मैच में जीत जरूर मिली थी, अफगानिस्तान और भारत से हारने के बाद टीम बाहर हो गई।

साथ ही इस बात की पुष्टि हो गई कि इंडिया बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच डेविड वॉर्नर का आखिरी इंटरनेशनल मैच था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस बात का ऐलान कर दिया था कि वॉर्नर ने अपना आखिरी मैच खेल लिया है, अब तक डेविड वॉर्नर का रिऐक्शन इस पर नहीं आया था। उन्होंने मंगलवार को इस बात की पुष्टि कर दी कि वे रिटायर हो चुके हैं।
डेविड वॉर्नर ने जाते-जाते इस बात का ऐलान कर दिया है कि अब ऑस्ट्रेलिया की टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी जैक फ्रेजर मैकगर्क की है। वॉर्नर ने जैक फ्रेजर मैकगर्क के साथ एक इंस्टा स्टोरी शेयर की है, जिसमें दोनों शायद कैरेबियन कंट्री में बीयर पीते हुए नजर आ रहे हैं।

कैप्शन में डेविड वॉर्नर ने लिखा है कि अब सब आपका है चैंपियन जैक फ्रेजर मैकगर्क। इससे पता चलता है कि वॉर्नर ने आखिरी मैच खेल लिया है और टीम के नए ओपनर जैक फ्रेजर मैकगर्क होंगे, जिन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीतने का काम किया है।
डेविड वॉर्नर के लिए टी20 विश्व कप अच्छा नहीं रहा था। टूर्नामेंट में वे कुल 7 मैच खेले थे, जिनमें से दो मैचों में वे अर्धशतक जड़ पाए थे और एक मैच में 39 रनों की पारी खेली थी। चार मैचों में वे बुरी तरह फ्लॉप रहे थे।
वॉर्नर ने 7 मैचों की 7 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए कुल 178 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 56 रन था, जो ओमान के खिलाफ आया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 139 के करीब के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। कुल 17 चौके और 9 छक्के उन्होंने जड़े। 110 टी20, 161 वनडे और 112 टेस्ट मैच उन्होंने अपने करियर में खेले।