Trending

यूएस ओपन बैडमिंटन: प्रियांशु राजावत-मालविका दूसरे दौर में

भारतीय शटलर प्रियांशु राजावत और मालविका बंसोड़ अमेरिका के टेक्सास के फोर्ट वर्थ कन्वेंशन सेंटर में यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे।

साभार : गूगल

वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में 40वें स्थान पर मौजूद प्रियांशु ने पहले दौर के मैच में विश्व नंबर 60 चेकिया के जान लाउडा को 38 मिनट तक चले मैच में 21-16, 21-18 से हराया। दूसरे दौर में उनका मुकाबला दुनिया के 82वें नंबर के चीनी ताइपे के हुआंग यू काई से होगा।

मालविका बंसोड़ ने एस्टोनिया की दुनिया की 60वें नंबर की खिलाड़ी क्रिस्टिन कुउबा को 36 मिनट तक चले मैच में 21-14, 21-15 से हराकर महिला एकल स्पर्धा के दूसरे दौर में जगह बनाई, जहां उनका मुकाबला दुनिया की 65वें नंबर की चेकिया की टेरेज़ा स्वाबिकोवा से होगा।

प्रियांशु राजावत ने पहले गेम की शुरुआत में 5-1 की बढ़त बनाकर की। लाउडा 6-6 पर बराबरी हासिल करने में सफल रहे और 15-15 के स्कोर तक दोनों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी।

22 वर्षीय भारतीय ने चार अंक हासिल करते हुए स्कोर 19-15 कर लिया और पहला गेम 21-16 से जीत लिया। दूसरे गेम की शुरुआत लाउडा ने 5-3 की बढ़त के साथ की, प्रियांशु ने वापसी करते हुए 13-13 से बराबरी कर ली।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दी और लगातार चार अंक हासिल कर स्कोर 18-16 कर लिया। अंत में 21-18 के अंतर से गेम को अपने नाम करते हुए अगले राउंड में जगह बनाई।

महिला एकल वर्ग में मालविका अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी पर हावी रहीं। भारतीय खिलाड़ी ने पहले गेम में 5-1 की बढ़त के साथ शुरुआत की और लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए 21-16 से पहले गेम को अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में भी उन्होंने 10-2 की अच्छी खासी बढ़त ले ली और अपनी प्रतिद्वंद्वी के लिए वापसी करने की मुश्किलें बढ़ा दीं। अंत में भारतीय शटलर ने दूसरा गेम 21-15 से जीत लिया।

आयुष शेट्टी पुरुष एकल के पहले दौर के 51 मिनट के मैच में मलेशिया के जिया हेंग जेसन तेह से 21-18, 12-21, 12-21 से हार गए। शुरुआती गेम जीतने के बावजूद वह जीत हासिल नहीं कर सके।

मिश्रित युगल स्पर्धा में भारत के रोहन कपूर-गड्डे और रूथविका शिवानी को स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफरसन से 50 मिनट में 15-21, 21-18, 13-21 से हार मिली।