Trending

बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप : भारत अंतिम आठ में, फिलीपींस को 3-2 से हराया

भारत ने ग्रुप सी के दूसरे मुकाबले में फिलीपींस को 3-2 से हराकर बैडमिंटन एशिया जूनियर मिश्रित टीम चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। भारत का सामना रविवार को मेजबान इंडोनेशिया से होगा जिससे ग्रुप विजेता तय होगा।

साभार : गूगल

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के शुरूआती मुकाबले में वियतनाम को 5-0 से हराया था। उसने अपने लाइन अप में दो बदलाव किये और लड़कों के एकल में प्रणय शेटिगर की जगह रौनक चौहान को शामिल किया, बालिका युगल में श्रावणी वालेकर के साथ के वेन्नाला की जोड़ी बनायी।

सीनियर राष्ट्रीय महिला एकल फाइनल में पहुंचने वाली तन्वी शर्मा ने फुंटेस्पिना क्रिस्टेल रेई पर 21-9, 21-17 की जीत से शुरूआत की। रौनक इस लय को जारी नहीं रख सके और जमाल रहमत पंडी ने उन्हें 15-21, 21-18, 21-12 से हराया।

वेन्नाला और श्रावणी की जोड़ी ने हर्नांडिज आंद्रिया और पेसियस लिबाटन की जोड़ी को 39 मिनट में 23-21, 21–11 से मात देकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

अर्श मोहम्मद और शंकर सरवत ने लड़कों के युगल में क्रिस्टियन डोरेगा और जॉन लांजा पर 21-16, 21-14 की जीत हासिल की, भार्गव राम एरिगेला और वेन्नाला की जोड़ी को अंतिम मैच में 8-21, 15-21 से हार मिली। इंडोनेशिया ने अपने दो ग्रुप मैच में फिलीपींस को 5-0 और वियतनाम को 4-1 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।