मन की बात : पीएम मोदी ने ओलंपिक में भाग ले रहे भारतीय खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
मन की बात में पीएम मोदी ने 26 जुलाई से शुरु होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय ओलंपिक दल का उत्साहवर्द्धन करते हुए शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा मेरे प्यारे देशवासियो, अगले महीने इस समय तक ओलंपिक शुरू हो चुके होंगे। मुझे विश्वास है कि आप सब भी ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का इंतजार कर रहे होंगे।

मैं भारतीय दल को ओलंपिक की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ। हम सबके मन में टोक्यों ओलंपिक की यादें अब भी ताजा हैं। टोक्यो में हमारे खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने हर भारतीय का दिल जीत लिया था।
ओलंपिक के बाद से ही हमारे एथलीट पेरिस ओलंपिक की तैयारियों में जी-जान से जुटे हुए थे। सभी खिलाड़ियों को मिला दें, तो इन सबने नौ सौ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया है। ये काफी बड़ी संख्या है।
उन्होंने कहा साथियो, पेरिस ओलंपिक में आपको कुछ चीजें पहली बार देखने को मिलेंगी। निशानेबाजी में हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरकर सामने आई है। टेबल टेनिस में पुरुष और महिला दोनों टीमें क्वालीफाइ कर चुकी हैं। भारतीय शॉटगन टीम में हमारी निशानेबाज बेटियाँ भी हैं।
कुश्ती और घुड़सवारी में हमारे दल के खिलाड़ी उन वर्गो में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिनमें पहले वे कभी शामिल नहीं रहे। इससे आप ये अनुमान लगा सकते हैं कि इस बार हमें खेलों में अलग स्तर का रोमांच दिखाई देगा।
उन्होंने कहा आपको ध्यान होगा, कुछ महीने पहले विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। शतरंज और बैडमिंटन में भी हमारे खिलाड़ियों ने परचम लहराया है।
पूरा देश ये उम्मीद कर रहा है कि हमारे खिलाड़ी ओलंपिक में भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। इन खेलों में पदक भी जीतेंगे, और देशवासियों का दिल भी जीतेंगे।
आने वाले दिनों में, मुझे भारतीय दल से मुलाकात का अवसर भी मिलने वाला है। मैं आपकी तरफ से उनका उत्साहवर्धन करूंगा।
और हाँ.. इस बार हमारा हैशटैग चीयर4भारत है। इस हैशटैग से हमें अपने खिलाड़ियों को चीयर करना है… उनका उत्साह बढ़ाते रहना है। तो गति को बनाए रखिए… आपका ये गति.भारत का जादू, दुनिया को दिखाने में मदद करेगा।