पहली बार मास्टर्स कप आयोजित करेगा हॉकी इंडिया
हॉकी इंडिया ने 40 साल से अधिक उम्र के पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए मास्टर्स कप आयोजित करने का ऐलान मंगलवार को किया। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य अनुभवी हॉकी प्लेयर्स के जुनून और कौशल का जश्न मनाने का है।

हॉकी इंडिया से संबद्ध सभी राज्य सदस्य इकाइयां इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए पात्र हैं। इस टूर्नामेंट में भाग लेने के इच्छुक 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र प्लेयर्स को अपनी संबंधित सदस्य इकाइयों से संपर्क करना होगा। इन खिलाड़ियों को हॉकी इंडिया की सदस्य इकाई की वेबसाइट से पंजीकरण करना होगा।
टूर्नामेंट की तारीखों और स्थल की घोषणा बाद में होगी। हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने जारी बयान में कहा, ‘‘ हम पहली बार हॉकी इंडिया मास्टर्स कप की घोषणा करते हुए रोमांचित हैं।
यह ऐसा आयोजन होगा जो हमारे अनुभवी प्लेयर्स के समर्पण और जुनून को मान्यता देगा। यह टूर्नामेंट खेल के प्रति उनके स्थायी प्रेम के जश्न के साथ हॉकी में उनके अमूल्य योगदान का एक प्रमाण है।