Trending

विश्व विजेता टीम के विजय जुलूस में दिखा जनसैलाब

टी20 विश्व कप की विजेता भारतीय टीम के स्वागत के लिए आयोजित विजय जुलूस में जनसैलाब उमड़ पड़ा जिससे दक्षिण मुंबई का यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया।

@BCCI

निर्धारित कार्यक्रम से अनुसार विजय जुलूस नरीमन पॉइंट में नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स से शाम पांच बजे शुरू होकर वानखेड़े स्टेडियम में शाम सात बजे समाप्त होना था, टीम नई दिल्ली से देर से पहुंची, जिससे परेड सात बजकर 30 मिनट के बाद ही शुरू हो पाई।

इस विजय जुलूस का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी मरीन ड्राइव पर आ गए। भारत बारबाडोस से सुबह नई दिल्ली पहुंची थी जहां उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की। टीम दोपहर बाद तीन बजकर 42 मिनट पर ही मुंबई के लिए रवाना हो पाई।

वानखेड़े स्टेडियम को प्रशंसकों के लिए खोल दिया गया और कुछ मिनट में ही स्टेडियम खचाखच पर गया। स्टेडियम के गेट को शाम पांच बजे के लगभग बंद किया गया और कई प्रशंसक बाहर इंतजार करते रह गए।

भारतीय टीम विस्तारा के विमान से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर पहुंची, जहां उसे ‘वाटर सैल्यूट’ दिया गया। साथ ही यहां पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों और मीडियाकर्मियों का लंबा इंतजार खत्म हुआ।

रुक-रुक कर हो रही बारिश, अत्यधिक उमस और आस-पास के इलाकों में हज़ारों लोगों के आने की वजह से वानखेड़े स्टेडियम के गेट बंद हो गए। जो लोग वानखेड़े के अंदर पहुंचने में सफल रहे वे भोजन और पानी की कमी के बावजूद अपनी सीटों पर जमे रहे।

बाद में बारिश तेज हो गई, प्रशंसक इसकी परवाह किए बिना अपने लिए सीट पक्की करने की जद्दोजहद में लगे रहे। इस भीड़ में कई जोड़ी जूते छूट गए और चारों तरफ मलबा बिखरा हुआ नजर आ रहा था।

बारिश के बावजूद कोई भी प्रशंसक अपनी सीट से नहीं हटा। इस बीच डीजे ने सभी तरह के गानों से मनोरंजन किया और एक बार तो ऐसा लगा कि वानखेड़े में रेन-डांस पार्टी हो रही है।

स्टेडियम के स्पीकर से वेंगाबॉयज़ का पार्टी हिट ‘टू ब्राज़ील’ और देश का अनौपचारिक खेल गान ‘चक दे इंडिया’ बजने लगा, वानखेड़े में ‘सचिन…सचिन’ और ‘मुंबईचा राजा, रोहित शर्मा!’ और ‘इंडिया…इंडिया’ के पारंपरिक नारों के साथ माहौल जीवंत हो उठा।