पहला टी-20 : भारतीय महिला टीम की हार, दक्षिण अफ्रीका को सीरीज में बढ़त
भारतीय महिला टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच हो रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 12 रन से हराया। साथ ही लौरा वोल्वार्ड्ट की टीम ने 1-0 की बढ़त ले ली है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 4 विकेट पर 189 रन बनाया था। जवाब में भारतीय टीम 4 विकेट पर 177 रन ही बना पाई। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला गलत रहा और पहले विकेट के लिए वोल्वार्ड्ट और तजमीन ब्रिट्स ने 50 रन जोड़े।
ब्रिट्स ने अपनी टीम के लिए 81 रन की पारी खेली। मारिजान कप्प ने 57 रन बनाए। जवाब में भारत के लिए जेमिमा रोड्रिगेज (53) ने अर्धशतकीय पारी खेली। स्मृति मंधाना के बल्ले से 46 और हरमनप्रीत कौर ने 35 रन बनाए। इसके बावजूद टीम जीत नहीं पाई।
रोड्रिगेज ने मैच में 30 गेंद का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 1 छक्का निकला। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा। वह आखिरी गेंद तक संघर्ष करती रहीं।
ब्रिट्स ने 56 गेंद का सामना किया और 81 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 144.64 की रही। यह ब्रिट्स के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर पाकिस्तान महिला टीम (78) के खिलाफ आया था।
उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह 10वां और भारतीय टीम के खिलाफ जड़ा गया पहला अर्धशतक है। उन्होंने अब तक 52 मैच में 1,248 रन बनाए हैं।
कप्प नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आई थी। उन्होंने 33 गेंद का सामना किया और 57 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 172.73 की रही। यह भारतीय टीम के खिलाफ उनका पहला और टी-20 अंतरराष्ट्रीय का 5वां अर्धशतक है।
उन्होंने अब तक 104 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 87 पारियों में वह 103.11 की स्ट्राइक रेट और 21.25 की औसत से 1,488 रन बनाने में कामयाब रही हैं।
मंधाना सभी प्रारूप में कमाल कर रही हैं। उन्होंने पहले वनडे में 127 गेंद में 117 रन बनाए थे। दूसरे मुकाबले में भी उनका बल्ला गरजा और वह 120 गेंद में 136 रन बनाने में सफल रहीं।
तीसरे वनडे में वह 83 गेंद में 90 रन बनाकर आउट हुईं। एकमात्र टेस्ट में उन्होंने 149 रन जड़े। इस मैच में उन्होंने 30 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के से 46 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 153.33 की रही।