पहला टी-20 : जिम्बाब्वे की जीत, भारतीय बल्लेबाजों ने किया निराश
जिम्बाब्वे टीम ने पहले टी-20 में भारतीय टीम को 13 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल की। इस मुकाबले में मेजबान टीम ने 9 विकेट पर 115 रन बनाए। जवाब में भारत के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 19.5 ओवर में 102 रन पर ढेर हो गई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को इनोसेंट कइया (0) के रूप में पहला झटका लगा। बेनेट (23) और मधेवेरे (21) ने पारी को संभाला। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच क्लाइव मडांडे ने नाबाद 29 रन बनाए और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।
जवाब में भारत ने 22 रन तक ही अपने 4 विकेट खो दिए। मुश्किल घड़ी में शुभमन गिल (31) और वाशिंगटन सुंदर (27) ने संघर्ष किया, जीत नहीं दिला सके। बिश्नोई ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए ब्रायन बेनेट (23) को अपने स्पैल की पहली ही गेंद पर आउट कर दिया।
उन्होंने अपना पहला ओवर बेनेट के विकेट के साथ मेडन फेंका। अपने दूसरे और पारी के 8वें ओवर में वेस्ली मधेवेरे (21) का विकेट झटका। शीर्षक्रम में नुकसान पहुंचाने के बाद उन्होंने निचले क्रम में ल्यूक जोंगवे (1) और ब्लेसिंग मुजरबानी (0) को अपना शिकार बनाया। बिश्नोई ने अपने 4 ओवर में 13 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
बिश्नोई जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 में भारत से दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए। इस टीम के खिलाफ उनसे बेहतर प्रदर्शन सिर्फ बरिंदर सिंह सरन (4/10, साल-2016) ने किया था। इन दोनों के अलावा कोई अन्य भारतीय गेंदबाज जिम्बाब्वे के विरुद्ध 4 विकेट नहीं ले सका है।
बिश्नोई किसी एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2 मेडन ओवर करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए। उनसे पहले हरभजन सिंह ऐसा कर चुके हैं। सुंदर ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 11 रन खर्च किए। उन्होंने 2 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 2.80 की रही। सुंदर ने डायोन मायर्स (23) और वेलिंगटन मसाकाद्जा (0) को पवेलियन की राह दिखाई। मायर्स उनके टी-20 करियर का 100वां शिकार बने। उनके अब 139 टी-20 मैचों में 30 की औसत के साथ 101 विकेट अपने नाम कर लिए हैं।
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपने 4 ओवर के कोटे में 25 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उन्होंने गिल, बिश्नोई और मुकेश कुमार को अपना शिकार बनाया।
तेंदई चतारा ने 3.5 ओवर में 16 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। उन्होंने डेब्यू कर रहे रियान पराग (2), रिंकू सिंह (0) और सुंदर के रूप में अहम विकेट झटके। चतारा ने 1 ओवर मेडन भी किया।
यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जिम्बाब्वे की भारत के खिलाफ सिर्फ तीसरी जीत है। इससे पहले खेल के सबसे छोटे प्रारूप में जिम्बाब्वे ने भारत को 2015 और 2016 में हराया था। भारत ने जिम्बाब्वे को टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 6 मैचों में हराया है।
इसके साथ-साथ यह पहला मौका है जब भारतीय टीम किसी टी-20 मैच में 120 रन से कम लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही है। भारत की टी-20 क्रिकेट में लगातार 12 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला थम गया।
यह इस साल भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहली हार है। इससे पहले दिसंबर 2023 में भारत को अपनी पिछली टी-20 हार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली थी।